इंदौर, नर्मदापुरम, जबलपुर, भोपाल और उज्जैन संभाग में गरज-चमक के साथ पानी गिरा। नर्मदापुरम और इंदौर में काफी तेज बारिश हुई, जबकि इंदौर में सोमवार सुबह कोहरा छाया रहा, यहां 400 मीटर तक दृश्यता रह गई थी। राजधानी भोपाल में भी दिनभर घने बादल छाए रहे।
कहां कितनी बारिश
सुबह 8:30 बजे से शाम के 5:30 बजे तक बैतूल में 35 मिलीमीटर तक बारिश हो गई। भोपाल में 14, धार में चार, इंदौर में एक, पचमढ़ी में 13, रायसेन में दो, दमोह में एक, जबलपुर में पांच, सागर में 16 और उमरिया में 7 मिलीमीटर पानी गिरा।मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति एक-दो दिन और रह सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य प्रदेश में दो दिशाओं से आ रही हवा की वजह से बादल गरज-चमक रहे हैं। यह हवाएं दक्षिण-पश्चिम और उत्तर भारत से आ रही हैं। बार-बार बदल रही हवाओं की दिशा की वजह से प्रदेश में ऐसे हालात बने हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अभी मौसम प्रणाली अरब सागर में बनी हुई है। दूसरा सिस्टम बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। इन दोनों की वजह से हवा का रुख बार-बार बदल रहा है। हालांकि इस बीच मध्य प्रदेश में कुछ जगहों से मंगलवार को मानसून की विदाई हो सकती है।
