भोपाल। बिलखिरिया इलाके में बिलासपुर छत्तीसगढ़ निवासी 30 वर्षीय मैकेनिक की 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से नीचे गिरने मौत हो गई। उसे गुरुवार सुबह नीचे जमीन पर गिरा देखा गया, वह दो दिन पहले ही बिलासपुर से टावर पर काम करने आया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह है मामला
बिलखिरिया पुलिस के मुताबिक मूलत: बिलासपुर का रहने वाला 30 वर्षीय कल्लू उर्फ धर्मराज ठाकुर टावर मैकेनिक था। उसे दो दिन पहले बिलासपुर से बिलखिरिया थाना क्षेत्र के ग्राम समरधा में निर्माणाधीन बीएसएनएल के टावर पर काम करने भेजा गया था। मोबाइल पर नेटवर्क नहीं मिलने के कारण् वह दो दिन से 100 फीट ऊंचे निर्माणाधीन टावर पर चढ़कर अपने स्वजन से मोबाइल से बात किया करता था। उसके साथ एक व्यक्ति और रहता था। वह उसे ऊंचे टावर पर चढ़ने से रोकता भी था। बुधवार रात में कल्लू फिर से मोबाइल लेकर टावर पर बात करने चढ़ गया था। अगली सुबह वह नीचे जमीन पर लहलुहान हालत में मिला। उसका मोबाइल ऊपर टावर पर रखा मिला है। पुलिस का अनुमान है कि वह रात में बात करते समय ऊपर ही सो गया होगा। रात में उसके शराब पीने की बात भी सामने आ रही है। टावर के ऊपर बात करने के लिए उसने दो दिन में बैठने के लिए जगह भी बना ली थी। वह शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी हैं। पुलिस ने उसके स्वजनों को घटना की जानकारी दे दी, शुक्रवार को उसका हमीदिया अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।











