पूर्व सीएम कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में कांग्रेस को लगातार झटके लग रहे हैं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने जिस छिंदवाड़ा महापौर विक्रम अहाके की तारीफ की थी, उन्होंने सोमवार को भाजपा जॉइन कर ली। विक्रम ने भोपाल में सीएम हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष भाजपा की सदस्यता ली। उनके साथ सभापति प्रमोद शर्मा ने भी पार्टी बदल ली। इससे पहले अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह ने कांग्रेस छोड़ी थी।
सीएम डॉ. मोहन से विक्रम की मुलाकात रविवार सुबह हुई थी। इसमें प्रदेश और छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न कर्मचारी वर्गों की समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि लोकसभा चुनाव के बाद विस्तार पूर्वक चर्चा कर कर्मचारी हित में निर्णय लिए जाएंगे।
सूत्रों की मानें तो रविवार रात फिर मुख्यमंत्री के साथ महापौर विक्रम अहाके और सभापति प्रमोद शर्मा की मुलाकात हुई। इस मुलाकात में तय हो गया कि विक्रम और सभापति प्रमोद के साथ बड़ी संख्या में छिंदवाड़ा के कांग्रेसी भाजपा में शामिल होंगे।
3786 वोट से जीते थे विक्रम अहाके
छिंदवाड़ा नगर निगम में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विक्रम अहाके ने 3786 वोटों से जीत हासिल की थी। उन्होंने भाजपा के अनंत धुर्वे को हराया था। 34 वर्षीय विक्रम पेशे से किसान हैं। वे ग्रेजुएट हैं। पिता भी पेशे से किसान हैं और मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं। वे जिला कांग्रेस कमेटी में प्रवक्ता के साथ कई दूसरे पदों पर रह चुके हैं।
अब जानिए विक्रम के बारे में राहुल गांधी और प्रियंका ने क्या कहा था
छिंदवाड़ा के मेयर विक्रम अहाके के कांग्रेस पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और महासचिव प्रियंका गांधी फैन थे। विक्रम के जीतने के बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ की थी। राहुल एक पोस्ट किया था। जिसका शीर्षक था- 'मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, पिता किसान और बेटा महापौर'। उन्होंने विक्रम का लकड़ियां कंधे पर ले जाते, तेंदू पत्ते से कुछ सामान बनाते और मां के पैर छूते 3 फोटो भी पोस्ट किए थे। पोस्ट में उन्होंने लिखा था- 'अगर सच्ची मेहनत, लगन और ईमानदारी से सपनों के लिए लड़ा जाए, तो इंसान कुछ भी हासिल कर सकता है।'
भाजपा जॉइन करने के बाद विक्रम ने कहा- देश-प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। अब छिंदवाड़ा में भी कमल का फूल खिलेगा।
प्रियंका गांधी ने की थी कमलनाथ की तारीफ
राहुल गांधी के ट्वीट के दूसरे दिन प्रियंका गांधी ने भी फेसबुक पोस्ट कर कमलनाथ की सराहना की थी। उन्होंने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा था -
मध्य प्रदेश का छिंदवाड़ा देश का पहला भाजपा मुक्त जिला बन गया है। यहां ग्राम पंचायत, जिला पंचायत, नगर निगम, महापौर, 7 विधायक और सांसद सभी कांग्रेसी हैं। भारतीय राजनीति में असंभव को संभव करने वाले कमलनाथ जी का यह नया कारनामा है। जल्द ही पूरा प्रदेश भाजपा मुक्त हो जाएगा।
शुक्रवार को कांग्रेस विधायक ने जॉइन की थी भाजपा
शुक्रवार को छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा से विधायक कमलेश प्रताप शाह ने विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा जॉइन की थी। इसके बाद उन्होंने विधायक पद से भी इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने बीजेपी की सदस्यता ली थी। शाह 2023 में तीसरी बार विधायक चुने गए थे। कमलेश शाह के साथ उनकी पत्नी हरई नगरपालिका की पूर्व अध्यक्ष माधवी शाह, बहन जिला पंचायत सदस्य केसर नेताम भी बीजेपी में शामिल हुईं। कमलेश प्रताप शाह की गिनती कमलनाथ के खास लोगों में होती है।
कमलनाथ के करीबी के बेटे भी भाजपा में शामिल
पूर्व सीएम कमलनाथ के करीबी पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना के बेटे अजय सक्सेना भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। अजय सक्सेना 200 समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए थे।
दीपक सक्सेना ने संगठनों के पदों से दिया इस्तीफा
दीपक सक्सेना ने कमलनाथ को पत्र लिखकर इस्तीफे की जानकारी दी। पत्र में पुराने संबधों का हवाला दिया है। उन्होंने लिखा- वर्तमान परिस्थिति मैं अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर सकूंगा, इस कारण मैं विधायक प्रतिनिधि एवं संगठन के सभी पदों से त्यागपत्र दे रहा हूं।











