अवैध रूप से संचालित हो रहे चार मैरिज गार्डन, रेस्तरां पर हुई तालाबंदी की कार्रवाई

अवैध रूप से संचालित हो रहे चार मैरिज गार्डन, रेस्तरां पर हुई तालाबंदी की कार्रवाई
भोपाल। शहर में नगर निगम की अनुमति के बिना अवैध रूप से संचालित हो रहे मैरिज गार्डन, शादी हाल, रेस्टोरेंट, बेन्क्वेट हाल के विरुद्ध जांच-पड़ताल अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी। इसी सिलसिले में नगर निगम भवन अनुज्ञा शाखा के अधिकारियों के दल ने नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण के निर्देश पर जांच के बाद सोमवार को चार मैरिज गार्डन पर तालाबंदी की कार्रवाई की। जांच में शेरवुड रेस्टोरेंट एंड बार, कियोस्क काफी रेस्टोरेंट, कंट्रीसाइड मिंडोस एवं ट्यूनेस्ड मैरिज गार्डन को सील किया गया। इन चारों को मिलाकर अब तक 45 मैरिज गार्डन के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। इससे पूर्व निगम के अमले ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निगम की अनुमति प्राप्त किए बगैर अवैध रूप से संचालित अनेक मैरिज गार्डन, शादी हाल आदि पर तालाबंदी की कार्रवाई की थी।

शराब दुकान के बाहर गंदगी पर 05 हजार रुपये वसूला जुर्माना

नगर निगम का अमला सोमवार को वार्ड नंबर-69 अशोका गार्डन क्षेत्र स्थित कम्पोजिट देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकान का निरीक्षण करने पहुंचा। इस दौरान अमले को दुकान के बाहर बड़ी संख्या में प्लास्टिक ग्लास, पाउच, पानी की बाटलें व अन्य प्रकार की गंदगी पाई गई। जिस पर जोन के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक ने मदिरा दुकान संचालक के विरुद्ध 05 हजार रुपये का जुर्माना किया गया। साथ ही अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 169 प्रकरणों में कुल 69 हजार 350 रुपये जुर्माना वसूल किया गया।
Advertisement