नकुल नाथ को लोकसभा चुनाव में अमरवाड़ा से लगा झटका
कमल नाथ के बेटे नकुल नाथ छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार थे, उनके सामने भाजपा के विवेक बंटी साहू मैदान में थे। जानकारी के मुताबिक चुनाव के दौरान अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह द्वारा पार्टी और विधायक पद छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद नकुल नाथ को यहां बड़ा झटका लगा। इस विधासभा में भाजपा को वोटों में बढ़त भी मिली।
एक विधानसभा और एक राज्यसभा सीट पर भी होंगे उपचुनाव
मध्य प्रदेश की बुधनी विधानसभा सीट से विधायक शिवराज सिंह चौहान विदिशा से सांसद बनने के बाद अब केंद्रीय कैबिनेट में शामिल हो गए हैं। वहीं प्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना लोकसभा सीट से सांसद बनने के बाद केंद्रीय मंत्री बन गए हैं। ऐसे में शिवराज द्वारा बुधनी विधानसभा से और ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा देने के बाद इन दोनों पर उपचुनाव हो सकते हैं।
बुधनी विधानसभा सीट के लिए कांग्रेस ने जयवर्धन सिंह व शैलेंद्र पटेल को बनाया प्रभारी
बुधनी विधानसभा सीट से विधायक शिवराज सिंह चौहान के विदिशा संसदीय क्षेत्र से चुने जाने के बाद वे अब विधानसभा की सदस्यता से त्याग पत्र देंगे। इससे रिक्त होने वाली सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। कांग्रेस ने इसकी तैयारी प्रारंभ कर दी है। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल को प्रत्याशी चयन और पार्टी पदाधिकारियों के बीच समन्वय बनाने के लिए चुनाव प्रभारी बनाया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन कार्य प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर जयवर्धन सिंह और शैलेंद्र पटेल को प्रभारी बनाया है। दोनों नेता सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करके जिले के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक करके सर्वसम्मति से संभावित प्रत्याशी का नाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को देंगे, जिसे अंतिम निर्णय के लिए केंद्रीय संगठन को भेजा जाएगा।











