इंदौर में रील बनाने अनजान जगह पहुंची इंफ्लुएंसर, दोस्त को बेहोश कर 2 पहचानने वालों ने किया रेप

इंदौर में रील बनाने अनजान जगह पहुंची इंफ्लुएंसर, दोस्त को बेहोश कर 2 पहचानने वालों ने किया रेप
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में हैवानियत की हदें पार करते हुए दो दरिंदों ने एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर को अपनी हवस का शिकार बना डाला। पीड़िता ने बताया कि वो अपने एक दोस्त के साथ सोशल मीडिया के लिए रील बनाने खुड़ैल इलाके में गई थी। वहां पहले से मौजूद उसके दो जानने वाले भी रील शूटिंग में शामिल हो गए।

मारपीट कर दोस्त को किया बेहोश


रील शूटिंग के बाद दोनों युवकों ने पहले तो इंफ्लुएंसर के दोस्त के साथ मारपीट की। 22 साल की युवती के दोस्त के साथ मारपीट इस हद तक की गई की वह बेहोश हो गया। ऐसे मौके का फायदा उठाकर दोनों ने इंफ्लुएंसर युवती के साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद बारी-बारी से उसके साथ रेप किया।

पुलिस को सुनाई आपबीती


युवती इंफ्लुएंसर होने के कारण समय समय पर रील बनाकर लोगों के साथ कंटेंट शेयर करती थी। ऐसी भयावह घटना के बाद उसने हिम्मत जुटाते हुए जैसे तैसे पुलिस को जाकर पूरा मामला बताया। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि युवती के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसमें बुधवार को दो लोगों को हिरासत में लिया है।

दोनों आरोपी हैं परिचित


मल्हारगंज थाने के प्रभारी शिव कुमार रघुवंशी ने बताया कि युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह मंगलवार को अपने एक दोस्त के साथ रील बनाने शहर के बाहरी इलाके में गई थी जहां दो लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया। रघुवंशी ने बताया कि बलात्कार के दोनों आरोपी युवती के दोस्त के परिचित हैं। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवती की मेडिकल जांच कराई गई है।
Advertisement