खरगोन/बड़वानी: निमाड़ में मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि जनजीवन, लोकसंस्कृति और सामूहिक आस्था की जीवनरेखा हैं। इसी आस्था का जीवंत स्वरूप क्षेत्र में निकलने वाली पंचकोशी यात्राओं में दिखाई देता है। पांच दिनों तक चलने वाली ये धार्मिक पदयात्राएं तीर्थदर्शन और पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपनी मिट्टी, परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर भी हैं। नर्मदा तटों, धार्मिक स्थलों और गांवों से गुजरने वाली इन यात्राओं में धर्म, लोकसंस्कृति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
निमाड़ के ओंकारेश्वर, महेश्वर, खरगोन और बड़वानी में पंचकोशी यात्राओं की अपनी अलग पहचान और मान्यताएं हैं। इनके मार्ग और स्वरूप अलग-अलग हैं, लेकिन केंद्र में मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा और भगवान शिव की आराधना है। पंचकोशी का सामान्य अर्थ पांच कोस की परिक्रमा है। हालांकि, निमाड़ में इन यात्राओं की दूरी स्थानीय परंपराओं और निर्धारित मार्गों के अनुसार 50 से 120 किलोमीटर तक है।
पंचकोशी यात्रा नर्मदा की परिक्रमा महिलाओं की भागीदारी
गुरुदेव डॉ.रविंद्र भारती चौरे कृत नर्मदा पंचकोशी पदयात्रा केंद्रीय समिति पुनासा की सचिव डॉ.अनुराधा शर्मा ने बताया दरअसल पंचकोशी यात्रा नर्मदा की विशाल परिक्रमा का एक हिस्सा ही है जिसमें 80% महिलाओं की भागीदारी होती है। उन्होंने बताया कि खेती किसानी घर के कामकाज व नौकरी पेशा से जुड़े लोगों को पास इतना समय नहीं होता कि वह एक बार में नर्मदा परिक्रमा कर ले इसलिए वह इसे प्रतिवर्ष खंड-खंड में पूरी करने के लिए पंचकोशी यात्रा करते हैं।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा में आने वाले ग्राम की दशा भी सुधरती है और यात्रा में शामिल लोगों को यात्रा मार्ग के मंदिरों व धार्मिक संस्थाओं के बारे में सटीक जानकारी भी प्राप्त होती है।
51 साल पहले 1975 में प्रांरभ हुई थी यात्रा
ओंकारेश्वर की नर्मदा लघु पंचकोशी यात्रा करीब 50 किलोमीटर की है। जिसका आरंभ पद्मश्री विष्णु श्रीधर वाकणकर जी की प्रेरणा से 1975 में हुई। कार्तिक माह में आयोजित पांच दिवसीय यात्रा ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग से शुरू होकर वहीं संपन्न होती है। इसमें महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु शामिल होते हैं।
महेश्वर की माहिष्मती पंचकोशी यात्रा भी क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक परंपरा है। इसकी शुरुआत 1985 में डॉ. रवींद्र भारती चौरे ने की थी। चैत्र शुक्ल एकादशी से हनुमान जयंती तक चलने वाली इस पांच दिवसीय यात्रा में करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय की जाती है। अहिल्या घाट से शुरू होकर यात्रा चोली, जलूद, मंडलेश्वर, कसरावद और जलकोटी होते हुए वापस महेश्वर पहुंचती है। इसमें प्रतिवर्ष करीब 10 से 15 हजार श्रद्धालु शामिल होते हैं। कई श्रद्धालु पूरी यात्रा नंगे पैर करते हैं।
पंचकोशी पद यात्राओं के जनक माने जाने वाले डॉ. रवीन्द्र चौरे 'भारती' ने अपने जीवन काल में नर्मदा की 25 लघु पंचकोशी यात्राओं को प्रारंभ किया।
खरगोन में श्री नवग्रह पंचकोशी यात्रा की शुरुआत 2008 में हुई । सफला एकादशी से शुरू होने वाली इस पांच दिवसीय यात्रा में आसपास के 12 गांव शामिल होते हैं। नवग्रहों की शांति और क्षेत्र की खुशहाली की कामना के साथ श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं।
वहीं, बड़वानी के कोटेश्वर क्षेत्र में सीता माता पंचकोशी पदयात्रा की अलग पहचान है। करीब 120 किलोमीटर की यह पांच दिवसीय यात्रा पिपरी स्थित सीता माता मंदिर से ध्वज पूजन के साथ शुरू होती है। श्रद्धालु पिपलेश्वर महादेव की पूजा और रेवा कुंड से नर्मदा जल लेकर 'नर्मदे हर' के जयकारों के साथ आगे बढ़ते हैं। इस क्षेत्र में वाल्मीकि ऋषि के आश्रम और लव-कुश के जन्म से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं प्रचलित हैं।
यात्रियों को सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित होने का अवसर
इन यात्राओं की खासियत इनका सामूहिक स्वरूप है। ग्रामीण, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा एक साथ पैदल चलते हैं। गांवों में यात्रियों के लिए पानी, चाय और भोजन की व्यवस्था की जाती है। भजन-कीर्तन, सामूहिक भोजन और रात्रि विश्राम की परंपरा सामाजिक समरसता को मजबूत करती है। निमाड़ी बोली, लोकगीत और पारंपरिक खानपान के जरिए यात्रियों को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित होने का अवसर मिलता है। इन आयोजनों से स्थानीय दुकानदारों और सेवा प्रदाताओं को भी आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिलता है।
पांच दिवसीय परिक्रमा में 108 धार्मिक स्थलों के दर्शन
देश में पंचक्रोशी यात्रा की सबसे प्राचीन और सुव्यवस्थित परंपराओं में काशी की यात्रा का विशेष स्थान है। इसके ऐतिहासिक उल्लेख 12वीं शताब्दी के धार्मिक साहित्य में मिलते हैं। काशी की करीब 88.5 किलोमीटर की पांच दिवसीय परिक्रमा में 108 धार्मिक स्थलों के दर्शन किए जाते हैं। हालांकि, भारत में पंचकोशी यात्रा की शुरुआत किसी एक स्थान से हुई थी, इसका निर्णायक ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है। निमाड़ की यात्राएं अपनी विशिष्ट स्थानीय परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के कारण अलग पहचान रखती हैं।
सभी विभागों के बीच बनाया जाएगा समन्वय
इधर, यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर खरगोन पुलिस भी सक्रिय है। एसपी रविंद्र वर्मा ने गुरुवार को यात्रा मार्ग, टोकसर नर्मदा घाट और गौमुख आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, आपातकालीन सहायता केंद्र, घाटों पर एसडीआरएफ की तैनाती, पेयजल और विश्राम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा संबंधी सूचनाओं का माइक से प्रसारण और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा।

