नई दिल्ली: वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विजय शेखर शर्मा ने एंटफिन (नीदरलैंड्स) होल्डिंग बी.वी. से पेटीएम में 10.30% हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक समझौता किया है। इस अधिग्रहण के बाद विजय शेखर शर्मा की हिस्सेदारी 19.42 फीसदी हो जाएगी। वहीं इस डील बाद चीनी कंपनी अलीबाबा की सहयोगी एंटफिन का हिस्सा कम होकर 13.5 फीसदी हो जाएगा। इस डील की वैल्यू मौजूदा भाव के लिहाज से करीब 5,000 करोड़ रुपये है। इधर इस खबर के सामने आने के बाद पेटीएम के शेयरों में बंपर उछाल देखने को मिला है। पेटीएम के शेयरों में निवेशकों की बंपर खरीदारी देखने को मिल रही है।
विजय शेखर शर्मा एंटफिन से ये हिस्सा RESILIENT ASSET MGMT के जरिए खरीदेंगे। पेटीएम ने शेयर बाजार को बताया कि विजय शेखर शर्मा ने अपनी 100 फीसदी स्वामित्व वाली ओवरसीज कंपनी रेजिलिएंट एसेट मैनेजमेंट बीवी के जरिए 10.30 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का एग्रीमेंट किया है। इस अधिग्रहण के बाद पेटीएम में ANTFIN सबसे बड़ा शेयरधारक नहीं रहेगा। नए ओपरशिप स्ट्रक्चर से पेटीएम को फायदा होने की उम्मीद है।
इस डील पर विजय शेखर शर्मा ने कहा है कि उन्हें मेड इन इंडिया फाइनेंशियल इनोवेशन के सच्चे चैंपियन के रूप में पेटीएम के रोल और देश में फॉर्मल फाइनेंशियल सर्विसेज को शामिल करने में योगदान देने में उपलब्धियों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि वह पिछले कई वर्षों में उनके अटूट समर्थन और साझेदारी के लिए ANTFIN के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।











