स्मार्टचिप कंपनी के कर्मी रूठे, परिवहन कार्यालय में पसरा सन्नाटा, परेशान हुए लोग

स्मार्टचिप कंपनी के कर्मी रूठे, परिवहन कार्यालय में पसरा सन्नाटा, परेशान हुए लोग
भोपाल। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ)में सोमवार को स्मार्टचिप कंपनी के कर्मचारियों ने काम नहीं किया। इससे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के पंजीयन कार्ड आदि प्रिंट नहीं हो सके। नतीजतन, यहां आए लोगों का बिना कार्ड लिए निराश होकर वापस लौटना पड़ा।दरअसल परिवहन विभाग के साथ स्मार्ट कार्ड प्रिंट करने का काम देख रही स्मार्टचिप कंपनी का 30 जून को टेंडर खत्म हो गया था। एक जुलाई सोमवार को परिवहन मुख्यालय ग्वालियर से टेंडर का नवीनीकरण नहीं किया गया। इससे स्मार्टचिप कंपनी के कर्मचारियों ने काम नहीं किया। इस वजह से आवेदकों को परेशानी हुई।

सोमवार को सुबह 10 बजे से आरटीओ में लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन काम कराने के लिए आवेदकों को आने का शुरू हो गया था। आवेदक पहुंचे तो परमानेंट ड्राइविंग, पंजीयन शाखा में स्मार्टचिप के कर्मचारी बैठे नहीं मिले। कुछ कमरों में ताला लटका मिला।

जब लोगों ने पूछताछ तो आरटीओ कर्मचारियों ने कहा कि स्मार्टचिप कंपनी के कर्मचारी काम नहीं करेंगे, इसलिए बाद में आएं। इससे निराश होकर आवेदकों को वापस बिना काम कराए ही लौटना पड़ा।

बता दें कि भोपाल आरटीओ में हर दिन के 250 परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस, लर्निंग के 100, रजिस्ट्रेशन कार्ड 150 से अधिक आवेदक पहुंचते हैं। इस संबंध में उप परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने बताया कि कंपनी के टेंडर नवीनीकरण करने करने का काम प्रक्रिया में है। जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Advertisement