भोपाल। मध्य प्रदेश के में आज 6 सीटों पर पहले चरण को लेकर मतदान जारी है। प्रदेश की सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, जबलपुर और छिंदवाड़ा सीटों पर सुबह से ही मतदान को लेकर उत्साह दिख रहा है। बुजुर्ग, युवा सहित फर्स्ट टाइम वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। यहां देखें लोकसभा चुनाव से जुड़े हाइलाइट्स...
तिलक लगाकर किया स्वागत
शहडोल स्थित सोहागपुर मतदान केंद्र क्रमांक-236 में बुजुर्ग मतदाताओं के आगमन पर उनका तिलक और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
गाजे-बाजे के साथ पहुंची महिलाएं
शहडोल लोकसभा क्षेत्र के मानपुर विस में पिंक बूथ केन्द्र मलियागुडा क्र.- 271, 272, 273 में महिला मतदाता गाजे-बाजे व उत्साह के साथ मतदान के लिए पहुंचीं
जनजातीय वेशभूषा में किया मतदान
मंडला लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत डिंडौरी विधानसभा के हिनौता मतदान केंद्र क्रमांक 104 में युवा मतदाता देवकी रानी परस्ते जनजातीय वेशभूषा में मतदान करने पहुंची।
दिव्यांग मतदाता ने डाला वोट
मंडला संसदीय क्षेत्र के गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-118 मुंगवानी में दिव्यांग मतदाता मधुबाला गिरदोनिया व्हीलचेयर से पहुंची और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
थर्ड जेंडर ने किया मतदान
मंडला लोकसभा के डिंडोरी में थर्ड जेंडर नाजनीन मौसी और प्रियंका ने उत्कृष्ट विद्यालय के मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।
विदाई से पहले किया मतदान
मंडला लोकसभा अंतर्गत आशारानी सिंगरोरै ने अपनी विदाई से पहले ग्राम मेली, नारायणगंज के मतदान केंद्र-112 पहुंचकर मतदान किया।











