'डबल इंजन सरकार हो रही फेल, हम सिंगल इंजन ज्यादा काम कर रहे', सीएम गहलोत ने पीएम मोदी पर ऐसे कसा तंज
Updated on
12 Jul 2023, 01:31 PM
जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पीएम नरेन्द्र मोदी पर तंज कसने का कोई मौका नहीं छोड़ते। अमूमन हर कार्यक्रम में वे राज्य सरकार की योजनाओं की तुलना करते हुए केन्द्र की मोदी सरकार पर सियासी हमला बोलते हैं। मंगलवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभार्थियों से संवाद के दौरान सीएम गहलोत ने कहा कि हमारी सिंगल इंजन सरकार केन्द्र की डबल इंजन सरकार से ज्यादा काम रही है। गहलोत ने राज्य सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी को भी देश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का कानून लागू करना चाहिए ताकि जरूरतमंदों को सहायता मिल सके।
एक इंजन तो फेल हो गया
सीएम गहलोत ने कहा कि बीजेपी के नेता डबल इंजन सरकार के नारे लगाते फिरते हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि उनका एक इंजन तो जगह जगह फेल हो रहा है। असली इंजन तो राजस्थान सरकार है जो हर परिवार का ख्याल रखती है। विभिन्न तरह की सरकारी योजनाओं से लोगों की हर परेशानी को दूर करती है। उन्होंने कहा कि जो काम सिंगल इंजन सरकार कर रही है। वह काम डबल इंजन सरकार नहीं कर पा रही है।
सामाजिक सुरक्षा गारंटी कानून लाएगी राज्य सरकार
सीएम गहलोत ने कहा कि राजस्थान सरकार अलग अलग श्रेणी (विधवा, एकल नारी, बुजुर्ग, विक्लांग, अनाथ सहित 11 श्रेणी) के 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को हर महीने पेंशन देती है। यह पेंशन 1000 रुपए से लेकर 1500 रुपए प्रति महीना है। इस योजना को भविष्य में कोई बंद ना कर दे। ऐसे में राज्य सरकार आगामी विधानसभा सत्र में एक बिल लेकर आएगी। इस बिल के जरिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन कानून बनाया जाएगा ताकि लोगों को हमेशा इस योजना का लाभ मिलता रहे। जरूरतमंद परिवारों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पेंशन में हर 15 प्रतिशत की बढोतरी का निमय भी जोड़ा जाएगा। रिपोर्ट - रामस्वरूप लामरोड़