इस साल से होगी शुरुआत
इस वर्ष से न्यूयॉर्क शहर के पब्लिक स्कूलों में दिवाली की छुट्टी रहेगी। न्यूयॉर्क की प्रतिनिधि सभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा कि दो दशकों से अधिक समय से, दक्षिण एशियाई और भारतीय-कैरिबियाई समुदाय ने इस पल के लिए संघर्ष किया है। जेनिफर न्यूयॉर्क राज्य की प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी गई पहली भारतीय-अमेरिकी महिला हैं। उन्होंने कहा, 'आज, मेयर और मुझे पूरी दुनिया के सामने खड़े होकर यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि अब से दिवाली पर न्यूयॉर्क शहर के स्कूलों में हमेशा छुट्टी रहेगी। '
बताया जाएगा दिवाली का इतिहास
न्यूयॉर्क सिटी स्कूल के चांसलर डेविड बैंक्स ने कहा कि शहर में स्कूली बच्चों के लिए दिवाली की छुट्टी की घोषणा करना, 'दिवाली पर स्कूल बंद रखने से ज्यादा इस बात पर जोर देता है कि हम अपनी सोच का दायरा बढ़ा रहे हैं। हम उन्हें दिवाली और उसके इतिहास के बारे में बताने जा रहे हैं।' बैंक्स ने कहा, 'मैं उन सभी बच्चों, परिवारों और न्यूयॉर्क शहर के आसपास के समुदायों के लिए खुश हूं, जो इस त्योहार की विरासत तथा इतिहास के बारे में और अधिक जान पाएंगे।'











