छायाचित्र प्रदर्शनी - जीपी बिड़ला संग्रहालय में विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर प्राचीन छायाचित्रों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इन छायाचित्रों को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा प्रदर्शित किया गया है। आज इस प्रदर्शनी का अंतिम दिन है।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में 'माह का प्रादर्श' श्रंखला के तहत इस माह गोंड समुदाय में विवाह समारोह के दौरान आंगन में बने मड़वा (विवाह मंडप) के नीचे स्थापित किया जाने वाला मगरोही- एक विवाह स्तंभ को प्रदर्शित किया जा रहा है। वीथी संकुल में इसे सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक देखा जा सकता है।
चित्र प्रदर्शनी - मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय में गोंड समुदाय की चित्रकार संदीप्ती परस्ते के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया जा रहा है। 48वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी को दोपहर 12 से रात आठ बजे तक देखा जा सकता है।
नाट्य कार्यशाला - पीएनटी चौराहे पर स्थित मायाराम सुरजन भवन में समांतर नाट्य संस्था द्वारा नाट्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों और युवाओं के लिए आयोजित वर्कशाप का समय शाम पांच बजे से रात आठ बजे तक है।
नृत्यांजलि - श्यामल नृत्य कला अकादमी द्वारा शनिवार को शहीद भवन में प्रसिद्ध नृत्यगुरु शंकर होंबल की स्मृति में शाम 6.45 बजे से 8.45 बजे तक नृत्य संध्या नृत्यांजलि का आयोजन होगा। इसमें अकादमी की नृत्य निर्देशिका डा. सुषमा मिश्रा के निर्देशन में शिष्यों द्वारा भरतनाट्यम आधारित नृत्यों की प्रस्तुति की जाएगी। पुष्पांजलि एवं अलरिपू की प्रस्तुति में जहां भरतनाट्यम नृत्य का पारंपरिक रूप सटीक पद एवं अंग संचालन के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, वहीं प्रथम बार तुलसीकृत श्रीरामचरितमानस से उद्धृत नव रसों को भरतनाट्यम नृत्य शैली में प्रदर्शित किया जाएगा।











