कालेज छात्रा ने कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी

कालेज छात्रा ने कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी
भोपाल गौतम नगर थाना इलाके में रहने वाली युवती ने गुरुवार शाम अपने घर में फांसी लगा ली। वह कालेज की छात्रा थी। स्वजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण खुदकुशी की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद छानबीन शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद युवती का शव स्वजन को सौंप दिया गया है।

साड़ी से फंदा बनाकर लटकी

गौतम नगर थाना पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय आरती यादव शिव मंदिर के पास नारियलखेड़ा में अपनी मां के साथ रहती थी। गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे आरती ने साड़ी से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। घटना का पता तब चला, जब ट्यूशन जाने का समय होने पर मां आरती के कमरे में पहुंची। बेटी को फंदे पर लटका देख मां की चीख निकल गई। पड़ोसियों की मदद से युवती को फंदे से उतारकर नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवती के पिता की चार वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार में मां के अलावा उसकी एक बड़ी बहन है। शादी होने के बाद वह अपने परिवार के साथ रहती है। स्वजन के गमगीन होने के कारण इस मामले में अभी बयान नहीं हो सके हैं।
Advertisement