होटल में परोसे गए भोजन में निकला काकरोच, ग्राहकों ने किया हंगामा

होटल में परोसे गए भोजन में निकला काकरोच, ग्राहकों ने किया हंगामा
भोपाल। पुराने शहर में स्थित एक होटल के खाने की थाली में काकरोच निकलने का मामला सामने आया है। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है । थाली में काकरोच निकलने पर ग्राहकों ने जमकर हंगामा कर दिया और होटल की रसोईघर में तक पहुंच गए। इसकी शिकायत खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग को भी की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेन्द्र दुबे ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। इधर, होटल की तरफ से मामले में पक्ष सामने नहीं आया है। हालांकि, हंगामे के दौरान मैनेजर ने काकरोच की बात से साफ इंकार कर दिया।


दोस्तों के साथ भोजन करने पहुंचा था ग्राहक

ग्राहक इब्राहिम अली दाऊदी ने बताया कि मंगलवार देर रात वह अपने दो साथी प्रभु पटेल और सचिन करोड़े के साथ घोड़ा नक्कास स्थित होटल में खाना खाने गए थे। उन्होंने 190 रुपये वाली थाली आर्डर की थी। जैसे ही वेटर ने थाली दी, तो उन्होंने देखा कि सलाद में मरा हुआ काकरोच पड़ा है। इस पर उन्होंने होटल के मैनेजर के सामने विरोध दर्ज कराया। हालांकि, मैनेजर काकरोच की बात मानने को तैयार नहीं था, लेकिन हमने वीडियो बना लिए थे। जिन्हें खाद्य सुरक्षा प्रशासन को सौंपा हैं। ताकि कार्रवाई हो सके। यह जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है।


मैनेजर ने किया इंकार, ग्राहक बोले सीसीटीवी दिखवा लो

थाली में काकरोच निकलने के बाद ग्राहकों ने काफी देर तक हंगामा किया। उन्होंने इसे लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बताया है। दूसरी ओर, मैनेजर ने ग्राहकों को समझाइश भी दी। मैनेजर का कहना था कि सलाद में काकरोच नहीं है। इस पर ग्राहकों ने होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज देखने की बात कही, ताकि सच्चाई सामने आ सके।

रसोई में पहुंचकर देखी हकीकत

थाली में काकरोच मिलने के बाद ग्राहक होटल के रसोईघर में भी चले गए और सफाई की हकीकत देखी। उन्होंने ग्राहकों को परोसे जा रहे सलाद को भी देखा। इसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

Advertisement