काफिला रुकवाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किए जैन मुनि के दर्शन, लिया आशीर्वाद

काफिला रुकवाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किए जैन मुनि के दर्शन, लिया आशीर्वाद
भोपाल। नगर में लालघाटी स्थित तीर्थधाम श्री नंदीश्वर द्वीप जिनालय से मंगलवार शाम सवा पांच बजे आचार्य विनम्र सागरजी का प्रोफेसर कालोनी स्थित श्रीपार्श्वनाथ जिनालय के लिए पद विहार हुआ़। आचार्य संघ के साथ 15 से 20 श्रावक भी चल रहे थे। संत समूह कोहेफिजा चौराहे से वीआइपी रोड स्थित कर्बला की तरफ पहुंचा, उसी दौरान मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव का काफिला वहां से गुजरने वाला था, जिस कारण रास्ता रोक दिया गया था।

कुछ दूर तक साथ चले सीएम

आचार्य संघ फुटपाथ पर खड़े होकर वीवीआइपी के काफिले के गुजरने का इंतजार कर रहा था। वहां से गुजरते समय मुख्यमंत्री मोहन यादव की नजर आचार्य विनम्र सागरजी महाराज एवं अन्य मुनियों पर पड़ी। उन्होंने पहले कार से ही आचार्य संघ को नमस्कार किया। साथ ही कारकेड रुकवाने के बाद गाड़ी से नीचे उतरे और पूरे आचार्य संघ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। जैन समाज के प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि आचार्यश्री के साथ कुछ दूर तक विहार करने के बाद मुख्यमंत्री पुन: कारकेड के साथ मु्ख्यमंत्री निवास के लिए रवाना हो गए।
Advertisement