नई दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कॉर्पोरेट बॉन्ड बाजार को आगे बढ़ाने के मकसद से शुक्रवार को कॉर्पोरेट डेट मार्केट डिवेलपमेंट फंड (CDMDF) लॉन्च किया। इस फंड काम डेट मार्केट में क्राइसिस के दौरान इनवेस्टमेंट-ग्रेड कॉर्पोरेट डेट सिक्योरिटीज को खरीदना होगा। इससे कॉर्पोरेट डेट मार्केट्स में म्यूचुअल फंडों और निवेशकों का भरोसा बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही सेकंडरी मार्केट में कॉर्पोरेट डेट सिक्योरिटी में लिक्विडिटी भी बढ़ेगी।
खास डेट फंडों के लिए सपोर्ट सिस्टम
डेट मार्केट में तनाव की अवधि के दौरान CDMDF खास डेट फंडों के लिए सपोर्ट सिस्टम के रूप में काम करेगा। जब डेट मार्केट संकट का सामना करेगा तो उस वक्त इसका काम होगा इन्वेस्टमेंट-ग्रेड कॉर्पोरेट डेट सिक्योरिटिज को खरीदना। इस पहल का मकसद बाजार में दबाव की अवधि में डेट स्कीमों को नकदी मुहैया कराना है। SBI फंड्स मैनेजमेंट CDMDF के इनवेस्टमेंट मैनेजर के रूप में काम करेगा।CDMDF म्यूचुअल फंडों से सिक्योरिटीज खरीद सकेगा
पूरे बाजार में तनाव होने पर CDMDF म्यूचुअल फंडों से सिक्योरिटीज खरीद सकेगा। इस फंट का पैसा मार्केट में व्यापक क्राइसिस की स्थिति में ही उपलब्ध होगा। अगर किसी एक म्यूचुअल फंड हाउस में लिक्विडिटी की प्रॉब्लम होती है तो इस फंड के इस्तेमाल की इजाजत नहीं होगी।33,000 करोड़ रुपये की स्कीम
जानकारों ने बताया कि 33,000 करोड़ रुपये की इस स्कीम में सरकार इस योजना के तहत CDMDF की ओर से उठाए गए सभी कर्जों को 100% गारंटी कवर देगी। गौरतलब है कि वित्त वर्ष 2021-22 के बजट में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कॉरपोरेट बॉन्ड मार्केट को ज्यादा व्यापक और मजबूत बनाने का यह ऐलान किया था।











