एक माह में हटाना था बीआरटीएस कारिडोर, तीन माह में भी पूरा नहीं हटाया, रोज परेशान हो रहे सैकड़ों लोग

एक माह में हटाना था बीआरटीएस कारिडोर, तीन माह में भी पूरा नहीं हटाया, रोज परेशान हो रहे सैकड़ों लोग
भोपाल। हलालपुर से संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) बाजार होते हुए सीहोर नाके तक बीआरटीएस कारिडोर हटाने का काम तीन माह बाद भी पूरा नहीं हो सका है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने एक माह में पूरा कारिडोर हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन लोक निर्माण विभाग अभी तक काम पूरा नहीं कर सका है। नतीजतन, वाहन चालकों और व्यापारियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


20 जनवरी से शुरू हुआ था काम

मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने 20 जनवरी को हलालपुर बस स्टैंड के निकट से कारिडोर हटाने का काम प्रारंभ किया था। शुरूआत में काम तेजी से हुआ, लेकिन अब काम मंद गति से किया जा रहा है। अधूरे काम के कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। बाजार में खरीदी करने आए लोगों को कार पार्क करने की जगह नहीं मिल रही है। मजबूरी में वे बंद पड़ी लेन के बीच में कार पार्क करते हैं तो यातायात पुलिस चालान बनाने लगती है। जबकिबंद हिस्से में ट्रैफिक भी बंद है।

योजनाबद्ध ढंग से नहीं हो रहा काम

पीडब्ल्यूडी का अमला योजनाबद्ध ढंग से काम नहीं कर रहा है। इस कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लेन का एक हिस्सा खुला है, वहीं आगे जाकर वह संकरा हो जाता है। इसके चलते चार पहिया वाहन चालकों को वापस पीछे मुड़ना पड़ता है। कपड़ा संघ ने पहले इस अधूरे हिस्से को तोड़ने का आग्रह अधिकारियों से किया, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। कुछ जगह से यूनिपोल एवं सिग्नल भी नहीं हटाए गए हैं। रात के समय ये नजर नहीं आते, इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। कपड़ा व्यापारी संघ के महासचिव दिनेश वाधवानी का कहना है कि लोक निर्माण विभाग को प्लानिंग से काम करना चाहिए। पहले कारिडोर निर्माण के समय हमें परेशान होना पड़ा, अब हटाते समय भी वही परेशानी हो रही है।
Advertisement