खेत में गाड़ रखे थे कच्ची शराब से भरे कुप्पे, आबकारी टीम ने दी दबिश

खेत में गाड़ रखे थे कच्ची शराब से भरे कुप्पे, आबकारी टीम ने दी दबिश
भोपाल लोकसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच आबकारी विभाग की टीमों द्वारा अवैध शराब के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। इसी सिलसिले में कोलार रोड स्थित कजलीखेड़ा में सोमवार को आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। यहां खेत में गाड़कर अवैध कच्ची शराब रखी गई थी। साथ ही भट्टी में शराब बनाई जा रही थी। इसकी सूचना मुखबिर से मिलने के बाद आबकारी अमला मौके पर पहुंचा था। जहां से 3200 किलो ग्राम महुआ लाहन के साथ 315 लीटर कच्ची शराब जब्त की।

मौके पर बन रही थी अवैध शराब

आबकारी कंट्रोलर आरजी भदौरिया ने बताया कि कार्रवाई के लिए सात टीमें बनाई गई थीं। सबसे पहले कजलीखेड़ा को चारों ओर से घेर लिया। फिर शराब तलाशी के लिए टीम मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर गई। यहां पर मैदान और खेतों में छुपा कर रखे गए कुप्पों में करीब 3200 किलो ग्राम महुआ लाहन और 315 लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब मिली। जमीन में गड़े कुप्पों को ढूंढने में दो से तीन घंटे लग गए। वहीं कुछ जगहों पर भट्टी जल रही थी और शराब बनाई जा रही थी। जब्त शराब की कीमत 3 लाख 67 हजार रुपए है। दो महिलाओं को पकड़ा गया है। उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किए हैं।
Advertisement