भोपाल। भारतीय जनता पार्टी आज अपना 45वां स्थापना दिवस मना रही है। इस खास मौके पर पार्टी संगठन द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश एवं जिला कार्यालयों पर विशेष सजावट की गई है। भाजपा के स्थापना दिवस का प्रदेश में मुख्य कार्यक्रम भोपाल में पुरानी आरटीओ बिल्डिंग में स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर हुआ, जहां कुछ देर पहले मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव व प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पार्टी का ध्वज फहराया। इस कार्यक्रम में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, भाजपा की न्यू ज्वाइनिंग कमेटी के संयोजक डा. नरोत्तम मिश्रा एवं लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डा. सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश के सभी 64,523 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर पार्टी का ध्वज फहराते हुए भाजपा की रीति-नीति का प्रसार किया जा रहा है।
पूर्व विधायक रामलाल मालवीय समेत अनेक नेता भाजपा में शामिल
इस मौके पर उज्जैन के पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता रामलाल मालवीय सहित तीन दर्जन से अधिक कांग्रेस नेता हुए भाजपा में शामिल हो गए। रामलाल मालवीय दिग्विजय सिंह के करीबी नेता माने जाते हैं और वह दो बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा रिटायर्ड डिप्टी कलेक्टर रमेश चन्द्र सक्सेना ने भी भाजपा की सदस्यता ली।
लाभार्थियों से संपर्क
ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भोपाल के बूथ पर पहुंचकर लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। इसके साथ-साथ आज बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें अन्य पार्टी के नेताओं के साथ सामाजिक कार्यकर्ता एवं बूथ के गणमान्यजनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी। इन सभी कार्यक्रमों को कार्यकर्ता संगठन एप के माध्यम से तत्काल अपलोड करेंगे।











