मतदान के दिन सुबह छह बजे उठकर छह लोगों को जगाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

मतदान के दिन सुबह छह बजे उठकर छह लोगों को जगाएंगे भाजपा कार्यकर्ता
भोपाल। मध्य प्रदेश में पहले चरण की छह सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में 17 अप्रैल की शाम से चुनावी प्रचार थम जाएगा। भाजपा ने अपने प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुख और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की है।पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सुबह छह बजे उठकर छह लोगों को जगाएगा और उन्हें मतदान कराएगा। कार्यकर्ता अपने परिवार के वोटर, मोहल्ले के पड़ोसी और फिर नाते रिश्तेदारों को मतदान कराएंगे। बूथ के कार्यकर्ताओं को रात दस बजे ही सोने के लिए कहा गया है, ताकि वे समय से सुबह छह बजे उठ जाए। वहीं भाजपा ने बाइक चालकों की भी सूची तैयार की है।

ये मतदान केंद्र तक पहुंचने में अक्षम वोटरों को अपने दो पहिया वाहन पर बैठाकर मतदान केंद्र तक ले जाएंगे और मतदान के बाद वापस घर तक छोड़ कर आएंगे। प्रत्येक बूथ पर पांच से दस बाइक सवार तैनात किए जाएंगे।

17 और 18 अप्रैल को मतदान के लिए बूथ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी करेगी भाजपा

17 अप्रैल यानी बुधवार से प्रचार थम जाएगा। ऐसे में 17 और 18 अप्रैल को बूथ कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्हें पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कराने, मतदाताओं को घर निकाल कर मतदान केंद्र तक लाने की कार्ययोजना से अवगत कराया जाएगा।

भाजपा की तैयारी है कि सुबह से दोपहर 12 बजे तक अधिक से अधिक मतदान हो जाए। क्योंकि 12 बजे के बाद गर्मी बढ़ने से मतदाता घर से निकलने में परहेज करेंगे। वहीं शाम चार बजे के बाद से देर शाम मतदान समाप्ति के समय तक मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।

प्रत्येक बूथ पर छाया और ठंडे पेयजल, ओआरएस की रहेगी व्यवस्था

लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को मतदाता पर्ची के साथ भाजपा पीले चावल देकर मतदान करने का आग्रह करेगी। मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क किया जाएगा। गर्मी को देखते हुए मतदान केंद्रों पर वोटरों की सुविधा के लिए भाजपा ठंडे पानी की व्यवस्था, टेंट लगाकर कर छाया की व्यवस्था करेगी। वहीं चुनाव प्रचार व मतदाताओं से संपर्क के दौरान गर्मी से बचने कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को टोपी और गमझा का उपयोग करने की सलाह दी है। मंडल, सेक्टर बूथ के कार्यकर्ताओं के लिए गर्मी से बचने के उपाय बताए जाएंगे। प्रत्याशियों और संगठन के पदाधिकारियों से कहा गया है कि बूथ पर ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएं।

भाजपा की तैयारी है कि अधिक से अधिक मतदान हो। इसके लिए सुबह छह बजे कार्यकर्ता उठकर छह लोगों को जगाएगा और मतदान केंद्र पर मतदान कराएगा। नाते रिश्तेदारों और पड़ोसियों को भी मतदान कराने का लक्ष्य रखा गया है। हमारा प्रयास है कि दोपहर 12 बजे तक अधिक से अधिक मतदान संपन्न कराया जाए। वहीं वरिष्ठ नागरिकों की मदद के लिए जरूरी उपाय किए जाएंगे। 

- रजनीश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री, प्रदेश प्रभारी बूथ प्रबंधन, मप्र भाजपा

Advertisement