जहांनुमा रिट्रीट समेत 10 बड़े मैरिज गार्डनों पर भोपाल नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, यह है कारण

जहांनुमा रिट्रीट समेत 10 बड़े मैरिज गार्डनों पर भोपाल नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, यह है कारण
भोपाल। शहर के सबसे चर्चित और पाश मैरिज गार्डन जहांनुमा रिट्रीट रिसोर्ट पर गुरुवार को नगर निगम ने ताला लगा दिया।दरअसल यह गार्डन अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था।इसके साथ ही अन्य नाै बड़े मैरिज गार्डनों पर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने तालाबंदी की कार्रवाई की है।इससे पहले निगम द्वारा 17 अवैध रूप से संचालित हो रहे मैरिज गार्डनों के खिलाफ तालाबंदी की कार्रवाई की थी। अब तक कुल 27 मैरिज गार्डनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

जानकारी के अनुसार निगमायुक्त हरेंद्र नारायन के निर्देशों पर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा द्वारा गुरुवार को अवैध रूप से संचालित किए जा रहे मैरिज गार्डनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें प्रेमपुरा स्थित जहानुमा रिट्रीट रिसोर्ट, भौरी स्थित संभाला रिसोर्ट, लालघाटी स्थित क्रीसेंट क्लब, रायल मैरिज गार्डन, टोर्टल आइलैंड, सिल्वर मैरिज गार्डन, संत हिरदाराम नगर स्थित सेवन आक्स, मोक्ष क्लब, सेकंड होम एवं मुस्कान मैरिज गार्डन पर तालाबंदी की कार्रवाई की गई ।
निगमायुक्त ने बताया कि नगरीय सीमा में संचालित मैरिज गार्डनों की जांच पड़ताल की जा रही है।जिनके पास अनुमति नहीं है उन्हें पहले नोटिस देकर सूचित किया जाता है। इसके बाद भी यदि अनुमति नहीं लेते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

अब तक इन मैरिज गार्डनों पर हुई कार्रवाई

निगम अमले ने शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे गांधीनगर स्थित गुड्स इन एवं ग्रांड मेजेस्टी,अयोध्या बायपास स्थित शुभम, मालीखेड़ी स्थित न्यू उत्सव, लांबाखेड़ा स्थित रिश्ता एवं अक्षत, अयोध्यानगर स्थित कान्टीनेंटल, बिलखिरिया के तहत खुशी, सम्राट, अतिथि, प्रैंडियम लक्स एवं अवधपुरी के तहत उमंग, अयोध्या बायपास स्थित तारादीप, एम्स के पीछे स्थित सुंदर वैली, नर्मदापुरम रोड स्थित नंदन पैलेस, द मार्क होटल एंड क्लब और शगुन मैरिज गार्डन पर तालाबंदी की कार्रवाई की जा चुकी है।

Advertisement