भोपाल लोकसभा सीट के लिए तीसरे चरण में 7 मई को वोटिंग होगी। इस दौरान तेज गर्मी और लू का असर भी रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि वोटिंग के दौरान टेम्प्रेचर 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में जिला प्रशासन पोलिंग बूथ पर ओआरएस पैकेट, पीने के पानी और छांव की व्यवस्था भी करेगा।
भोपाल लोकसभा सीट में कुल 8 विधानसभाएं शामिल हैं। इनमें भोपाल उत्तर, नरेला, भोपाल दक्षिण-पश्चिम, भोपाल मध्य, गोविंदपुरा और सीहोर विधानसभाएं ही ऐसी हैं, जिनके ज्यादातर बूथ शहरी हिस्से में है, जबकि बैरसिया और हुजूर विधानसभा के ज्यादातर बूथ गांवों में है। शहर में तो सरकारी-प्राइवेट बिल्डिंग होने से छांव की व्यवस्था को लेकर कोई दिक्कतें नहीं होंगी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के बूथ में दिक्कतें आ सकती हैं। इसलिए प्रशासन के सामने यह बड़ी चुनौती रहेगी। ताकि, मतदाताओं को वोटिंग के दौरान परेशानी न हो।
मौसम विभाग का यह अनुमान
मौसम विभाग ने 1 से 15 मई के बीच भोपाल और सीहोर में दिन का टेम्प्रेचर 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया है। इस दौरान लू यानी गर्म हवाएं भी चलेंगी। चूंकि, दोपहर बाद मतदान करने के लिए मतदाता ज्यादा संख्या में पहुंचते हैं। इसलिए मतदान केंद्रों पर गर्मी और लू से बचने के लिए इंतजाम किए जाएंगे।
बूथ पर ये इंतजाम भी होंगे
- पोलिंग बूथ पर धूप से बचाने के लिए शेड लगाए जाएंगे।
- हर बूथ पर मेडिकल किट रहेगी।
- बूथ पर गर्मी से बचने के लिए जरूरी दवाएं रखी जाएगी।
- ओआरएस पैकेट भी रखे जाएंगे।
- तेज गर्मी से बचाव के लिए 'क्या करें, क्या नहीं करें' का पर्चा भी चस्पाया जाएगा।
- सेक्टर ऑफिसर की गाड़ी में सभी जरूरी दवाइयों के साथ पैरा-मेडिकल स्टॉफ भी तैनात रखेंगे।
कलेक्टर ने कहा- पानी और कुर्सियों की व्यवस्था भी करें
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने सभी अधिकारियों से कहा है कि मतदान केंद्रों में तेज गर्मी और लू से बचाव के व्यवस्था करें। शुद्ध पेयजल और बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों व बेंच की व्यवस्था भी करें।











