एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान साढ़े पांच घंटे लेट, यात्री हुए परेशान

एयर इंडिया की दिल्ली उड़ान साढ़े पांच घंटे लेट, यात्री हुए परेशान
भोपाल । देश-प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। इस भीषण गर्मी का असर हवाई यातायात पर भी पड़ रहा है। इसके चलते यात्रियों को भी परेशान होना पड़ रहा है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ। एयर इंडिया की दोपहर की दिल्ली उड़ान रात को भोपाल पहुंची। इस देरी की वजह से भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर यात्रियों को साढ़े पांच घंटे तक उड़ान आने का इंतजार करना पड़ा और भीषण गर्मी में उन्हें परेशान होना पड़ा।

उड़ान को करना पड़ा री-शेड्यूल

गौरतलब है कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ-433 आमतौर पर शाम 4.05 बजे भोपाल पहुंचती है। बताया जाता है कि बुधवार को दिल्ली से टेकआफ होते समय उड़ान में तकनीकी खराबी आ गई। समय पर टेकआफ नहीं होने के कारण उड़ान को री-शेड्यूल कर दिया गया। उड़ान करीब साढ़े पांच घंटे विलंब से रात्रि 9.40 बजे भोपाल पहुंची। यही उड़ान भोपाल आने के बाद वापस दिल्ली रवाना होती है। इस विलंब की वजह से भोपाल से दिल्ली जाने वाले 150 से अधिक यात्रियों को परेशान होना पड़ा। यात्रियों ने इसे लेकर नाराजगी प्रकट की। इस पर कंपनी ने कुछ यात्रियों को इंडिगो की उड़ान से दिल्ली जाने का विकल्प दिया। कुछ यात्रियों ने रिफंड ले लिया। राजा भोज एयरपोर्ट पर इंडिगो एयरलाइंस की सायंकालीन दिल्ली उड़ान भी डेढ़ घंटे विलंब से पहुंची। मुंबई एवं बेंगलुरु उड़ानें भी 30 मिनट लेट हुईं।

Advertisement