नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (LIC) ने जून तिमाही में मेटल, केमिकल, आईटी और एनर्जी सेक्टर के शेयरों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। मार्केट डेटा के मुताबिक कम से कम 40 शेयरों में एलआईसी ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है जबकि 75 शेयरों में स्टेक कम किया है। इस साल एलआईसी को सबसे ज्यादा नुकसान अडानी ग्रुप (Adani Group) के शेयरों में हुआ है जबकि परसेंटेज के हिसाब से सबसे ज्यादा कमाई इंजीनियर्स इंडिया (Engineers India) से हुई है। एलआईसी के पोर्टफोलियो में शामिल 12 शेयरों में 50 परसेंट से ज्यादा तेजी आई है। एलआईसी ने जून तिमाही में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी कोठारी इंडस्ट्रियल कॉरपोरेशन (Kothari Industrial Corporation) में बढ़ाई है।
फर्टिलाइजर बनाने वाली इस कंपनी में एलआईसी ने 4.09 फीसदी हिस्सेदारी बढ़ाई है। साथ ही कंपनी ने टाटा केमिकल्स (Tata Chemicals) में 3.01 परसेंट, सेल (SAIL) में 2.4 परसेंट, बाटा इंडिया (Bata India) में 1.73 परसेंट और आईईएक्स (IEX) में 1.64 परसेंट हिस्सेदारी बढ़ाई है। इसके साथ ही कंपनी ने टेक महिंद्रा, एलएंडटी टेक्नोलॉजी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, टाटा पावर, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, विप्रो, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज में जून तिमाही में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। इस दौरान कंपनी ने टीवीएस मोटर, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, आरवीएनएल, टाटा कम्युनिकेशंस, एलएंटी, टाइटन, टाटा मोटर्स, आईसीआईसीआई बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज में अपनी हिस्सेदारी कम की है।











