मजबूती परखने जीजी फ्लायओवर पर खड़े किए 200 टन के 14 डंपर

मजबूती परखने जीजी फ्लायओवर पर खड़े किए 200 टन के 14 डंपर
भोपाल। शहर में 148 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे जीजी फ्लायओवर (गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर) की लोड टेस्टिंग का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए शुक्रवार को 200 टन के 14 डंपरों को लाकर फ्लायओवर पर खड़ा कर दिया गया। यह प्रक्रिया चौबीस घंटे जारी रहेगी। इससे पहले जीरो लोड कर फ्लायओवर की प्रतिक्रिया देखी गई और 20 टन वजन के साथ फ्लायओवर का डायल गेज और तापामान मापा गया।जानकारी के अनुसार फ्लायओवर की लोड टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू करने से पहले गुरुवार से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई थी। इसके लिए डंपरो में मिट्टी और पत्थर भरना शुरू कर दिया गया था। इसके बाद शुक्रवार सुबह से एक-एक कर डंपर फ्लायओवर पर ले जाना शुरू किया।

इस पर लगभग 14 डंपर खड़े किए गए हैं, जिनका वजन 200 टन है। लोड टेस्टिंग के लिए पीडब्लयूडी द्वारा मशीनें लगा दी गई थी। पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री जावेद शकील ने बताया कि लोड टेस्टिंग की प्रक्रिया चौबीस घंटे जारी रहेगी। इसके बाद फ्लायओवर को लेकर आगे की टेस्टिंग की जाएंगी।

बता दें कि पीडब्ल्यूडी ने वल्लभ भवन रोटरी से गणेश मंदिर के बीच फ्लायओवर का निर्माणकार्य पूरा कर लिया है। गायत्री मंदिर के पास की थर्ड लेन का काम अभी बचा है। मेट्रो रेल कंपनी ने गणेश मंदिर के सामने आरओबी का काम पूरा करने की तारीख 20 सितंबर तक दी है। इसके बाद ही आरकेएमपी से वीर सावरकर सेतु की ओर जाने वाली सर्विस रोड को पीडब्ल्यूडी बना पाएगा। 20 महीने लेट हो चुके इस फ्लायओवर को शुरू करने की तारीख सात बार बदल चुकी है।

Advertisement