चेन्नई : मशहूर अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वह अपनी फिल्मों या नए प्रोजेक्ट्स की वजह से नहीं बल्कि कोयंबटूर में हुए उनके वेलकम को लेकर उनकी चर्चा हो रही है। कोयंबूर में हुए त्रिशा का जोरदार स्वागत ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है। एक मोबाइल शोरूम के उद्घाटन के दौरान उन्हें देखने के लिए हजारों प्रशंसक इकट्ठा हो गए। इतनी बड़ी भीड़ देखकर लोगों ने तुरंत तमिलनाडु की राजनीति में उनके आने को लेकर चर्चा शुरू कर दी। सूत्रों की मानें तो तमिलनाडु में पांच सीटों पर होने वाले उपचुनाव में त्रिशा को थलपति विजय एक सीट से प्रत्याशी बना सकते हैं।
त्रिशा कोयंबटूर के एक मोबाइल शोरूम पहुंचीं, तो फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर था। अपनी पसंदीदा अभिनेत्री की एक झलक पाने के लिए वहां भारी भीड़ जमा हो गई। त्रिशा एक खुली गाड़ी में खड़ी होकर खुशी-खुशी अपने फैंस का अभिवादन कर रही थीं। भीड़ ने जोर-जोर से नारे लगाए और यही इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बन गया।
दिग्गज सियासी नेता जैसा दिखा अंदाज
फैंस का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों का जुटना उनके प्रति मजबूत जनसमर्थन को दर्शाता है। हालांकि, यह पूरी तरह से एक कमर्शियल (व्यावसायिक) कार्यक्रम था। इसे राजनीतिक रोडशो कहने का कोई आधिकारिक सबूत किसी के पास नहीं है। लेकिन जिस तरह से वह खुली जीप में सैकड़ों की भीड़ के बीच हाथ हिला रही थीं, वह किसी दिग्गज सियासी चेहरे की तरह नजर आ रही थीं।
टीवीके के कई नेता चाहते हैं त्रिशा की सियासी एंट्री
ऐसा पहली बार नहीं है जब त्रिशा के राजनीति में आने को लेकर चर्चा हो रही हो। हाल ही में अभिनेता विजय ने अपनी पार्टी 'तमिझगा वेत्री कझगम' (TVK) लॉन्च की है, जिस पर काफी चर्चा हो रही है। इसी संदर्भ में अक्सर त्रिशा का नाम भी सामने आता है। बताया जा रहा है कि विजय के कई प्रशंसक और TVK के समर्थक चाहते हैं कि त्रिशा राजनीति में आएं।
त्रिशा ने नहीं दिया आधिकारिक बयान
कोयंबटूर में अभिनेत्री का भव्य स्वागत होने के बाद ये चर्चाएं और तेज हो गईं। सिनेमा जगत में त्रिशा की पहले से ही बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है। कुछ लोग यह जानने के लिए काफी उत्सुक हैं कि राजनीति में उनका अगला कदम क्या होगा। हालांकि, प्रशंसकों के समर्थन या किसी बड़े कार्यक्रम में जुटी भीड़ से यह पक्का नहीं हो जाता कि कोई राजनीति में आएगा ही। ध्यान देने वाली बात यह है कि अभिनेत्री त्रिशा ने इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद पत्रकारों ने त्रिशा से राजनीति में आने के बारे में पूछा। उन्होंने इस सवाल का कोई सीधा जवाब नहीं दिया। बस मुस्कुराईं और वहां से चली गईं। उनकी इस प्रतिक्रिया ने लोगों के बीच और भी ज्यादा उत्सुकता पैदा कर दी है।

