ग्वालियर के थाटीपुर थाना क्षेत्र की गोदाम बस्ती में पुलिस आरक्षक की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। टीकमगढ़ में पदस्थ पुलिस आरक्षक धर्मेंद्र जाटव की 30 वर्षीय पत्नी सीमा जाटव की रविवार-सोमवार दरमियानी रात मौत हो गई।
हैरानी की बात यह है कि मौत से कुछ घंटे पहले ही यह दंपती अपनी मां की बरसी के कार्यक्रम में शामिल होकर मुरैना से ग्वालियर लौटा था। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी में खर्च किए थे 20 लाख रुपए
मृतका के बड़े भाई मनोज जाटव ने पति और उसके परिवार पर दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मनोज का आरोप है कि 10 मार्च 2020 को हुई इस शादी में उन्होंने करीब 20 लाख रुपए खर्च किए थे। इसमें 7 लाख रुपए नकद, सोना-चांदी और अन्य कीमती सामान शामिल था। इसके बावजूद सीमा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
वहीं, पति धर्मेंद्र ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि वह खुद अपनी पत्नी की मौत का सच जानना चाहता है।
बेटे ने मां को दूध के लिए उठाया, नहीं जागी
धर्मेंद्र के मुताबिक, दीपावली की छुट्टी पर वह 6 नवंबर को ग्वालियर आया था। रविवार रात परिवार ने साथ मिलकर पूजा की और खाना खाने के बाद सभी अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। सोमवार सुबह 5 से 5:30 बजे के बीच डेढ़ साल का बेटा रियांश दूध के लिए मां को उठाने लगा, लेकिन सीमा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पैनल पोस्टमार्टम कराया जा रहा
थाटीपुर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तहसीलदार, पुलिस और मायके व ससुराल पक्ष की मौजूदगी में मृतका का पैनल पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

