• गौरव खरे,
चित्रकूट बीज भंडार पर दीपावली मिलन समारोह, गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों का तिलक-माल्यार्पण कर किया सम्मान
निवाड़ी। दीपावली के पावन पर्व पर चित्रकूट बीज भंडार में उत्साह, उमंग और आपसी सौहार्द के साथ दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर चित्रकूट बीज भंडार के संचालक अनिल कुमार पुरोहित लल्ला द्वारा नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं किसान भाइयों का तिलक लगाकर, माल्यार्पण कर तथा मिष्ठान वितरित कर आत्मीय सम्मान किया गया।
समारोह के दौरान दीपक कुमार शर्मा, विनोद पटेरिया सहित अनेक समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। दीपावली मिलन समारोह में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की झलक देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर चित्रकूट बीज भंडार के संचालक अनिल कुमार पुरोहित लल्ला ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, विश्वास, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत करने का भी अवसर है। किसान हमारे देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों के परिश्रम से ही देश की खुशहाली और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।
उन्होंने आगे कहा कि दीपावली के इस पावन अवसर पर वह सभी किसान भाइयों, व्यापारियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं समस्त जिलेवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना करते हैं। सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का प्रकाश बना रहे, यही उनकी मंगलकामना है।
कार्यक्रम आत्मीयता, सम्मान और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

