कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड में चांदन गांव के पास 132 केवी का नया पावर हाउस बनाया जाएगा। इससे बड़वारा, ढीमरखेड़ा और कटनी तहसील के आसपास के ग्रामीण इलाकों के करीब 55 हजार बिजली उपभोक्ताओं को फायदा होगा।
मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी इस पावर हाउस का निर्माण करेगी। इसके लिए 6 एकड़ से अधिक जमीन दी गई है। हाल ही में कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया।
सर्वे और प्रशासनिक मंजूरी के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। परियोजना को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है। चांदन तक बिजली पहुंचाने के लिए स्लीमनाबाद से करीब 40 किलोमीटर लंबी ट्रांसमिशन लाइन बनाई जाएगी।
अभी बड़वारा को 132 केवी शांतिनगर सब स्टेशन से 33 केवी फीडर के जरिए बिजली मिलती है। यह फीडर करीब 75 किलोमीटर लंबा है। तकनीकी खराबी आने पर सुधार में ज्यादा समय लगता है। दूरी और ओवरलोडिंग के कारण लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या होती है।
फॉल्ट के बाद जल्द होगा मेंटेनेंस
नया पावर हाउस बनने से फॉल्ट के बाद बिजली जल्दी बहाल करने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण इलाकों के किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं और कारोबारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इस नए स्टेशन से 33 केवी के चार नए फीडर निकाले जाने की भी योजना है, जिससे बिजली का वितरण संतुलित हो सकेगा।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति, 150 इकाइयों को होगा फायदा
बिजली की निर्बाध उपलब्धता से न केवल घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी अभूतपूर्व पंख लगेंगे। अधीक्षण यंत्री डीएन चौकीकर के अनुसार, बड़वारा क्षेत्र में वर्तमान में 40 बड़ी और 100 छोटी औद्योगिक इकाइयां सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
कैसा होगा नया पावर हाउस
पावर हाउस की क्षमता: 132 केवी
लाइन की लंबाई (स्लीमनाबाद से): 40 किलोमीटर
प्रस्तावित फीडर: 33 केवी के 4 नए फीडर
वर्तमान सप्लाई स्रोत: शांतिनगर (75 किमी लंबा फीडर)
कुल लाभान्वित उपभोक्ता: लगभग 55,000
बड़वारा के प्रभावित उपभोक्ता: लगभग 25,000
लाभान्वित औद्योगिक इकाइयां: 150 से अधिक
मासिक बिजली खपत: लगभग 80 लाख यूनिट
बड़वारा क्षेत्र की मासिक बिलिंग: लगभग 1.50 करोड़ रुपए
पर्याप्त बिजली मिलेगी
बिजली संकट दूर होने से इन मौजूदा इकाइयों को पर्याप्त और स्थिर विद्युत आपूर्ति मिल सकेगी, साथ ही क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना का मार्ग भी प्रशस्त होगा। स्थानीय प्रशासन और उद्योग जगत दोनों के लिए यह पावर हाउस एक मील का पत्थर साबित होगा।
कलेक्टर आशीष तिवारी के अनुसार बड़वारा के चांदन के समीप पावर हाउस के निर्माण के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी करा ली गई है। इसके निर्माण से बड़वारा, कटनी और ढीमरखेड़ा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बहुत बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही, औद्योगिक इकाइयों को भी निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली मिल सकेगी।
मुख्य लाभ
अत्यधिक लंबे फीडर की समस्या और तकनीकी फॉल्ट में उल्लेखनीय कमी।
लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से स्थायी राहत।
किसानों के सिंचाई कार्यों और घरेलू उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली।
मौजूदा उद्योगों को पर्याप्त बिजली मिलने के साथ नई इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहन।

