कटनी में धनतेरस और दीपावली से पहले पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शुक्रवार देर शाम बाजारों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था देखी।
एसपी ने कोतवाली और माधवनगर इलाके के दुकानदारों और लोगों से बात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने स्थानीय कुम्हारों से मिट्टी के दीये भी खरीदे।
विश्वकर्मा ने थाना तिराहा, झंडा बाजार, सर्राफा बाजार, सुभाष चौक, तांगा स्टैंड, इमलिया फटाका बाजार और माधवनगर बाजार का दौरा किया। उन्होंने भीड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी, यातायात और लोगों की सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। दीपावली पर आतिशबाजी और आग लगने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने बाजारों की संकरी गलियों में फायर ब्रिगेड की पहुंच जांचने के लिए रिहर्सल किया। इसमें क्विक रिस्पॉन्स और फायर कंट्रोल की तैयारी परखी गई।

