रायपुर का होटल कारोबारी दीपक अंबेडकर उर्फ टंडन सिर्फ धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के मामलों को लेकर ही नहीं, बल्कि नेताओं और रसूखदार लोगों से कथित संबंधों के दावों को लेकर भी चर्चा में रहा है।
आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर नेताओं के साथ तस्वीरें पोस्ट कर अपनी राजनीतिक पहुंच और रसूख की छवि बनाई।
अब एक बीजेपी नेत्री से भी करीब 16 लाख रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। दीपक टंडन और बीजेपी नेत्री का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इससे पहले दंतेवाड़ा की तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर लव ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपए और गहने लेने का आरोप लगाकर वह सुर्खियों में आया था।
खुद दीपक की होटल में कपड़े उतरवाकर पिटाई का वीडियो भी वायरल हो चुका है। फिलहाल वह फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है।
पुलिस के मुताबिक, वह AI की मदद से लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक खबरें पोर्टल और सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। फिर खबर हटाने या मामला दबाने के नाम पर रुपए मांगता था।
6 नवंबर को किया गया गिरफ्तार
दीपक को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके 2 मोबाइल जब्त किए हैं।
इनमें आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात कही गई है। मामले में शिकायत 29 अक्टूबर को बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई गई थी।
पुलिस अब डिजिटल सबूतों के आधार पर जांच कर रही है। दीपक टंडन के खिलाफ बिलासपुर में 1, रायपुर में 3 और सक्ती में 1 FIR दर्ज हुई है।
पहले भी रायपुर में एक और कोरबा जिले में दीपक टंडन के खिलाफ एक-एक एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
DSP कल्पना वर्मा पर लगाया था लव ट्रैप का आरोप
दीपक का नाम पहली बार बड़े स्तर पर DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के बाद चर्चा में आया।
कारोबारी ने आरोप लगाया था कि 2021 से 2025 के बीच DSP ने शादी का झांसा देकर उससे करीब 2 करोड़ रुपए, हीरे की अंगूठी, सोने के गहने और इनोवा क्रिस्टा कार ली।
दीपक के मुताबिक, दोनों की मुलाकात 2021 में महासमुंद में एक कॉमन परिचित के जरिए हुई थी। इसके बाद फोन पर बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला बढ़ा।
कल्पना का ट्रांसफर रायपुर के माना में होने के बाद भी संपर्क बना रहा। कारोबारी ने अपने दावों के समर्थन में वॉट्सऐप चैट और CCTV फुटेज सामने रखे थे।
दूसरी ओर, DSP कल्पना वर्मा ने आरोपों को निराधार बताते हुए इसे लेन-देन का विवाद और बदनाम करने की साजिश बताया था।
DSP कल्पना का कहना है कि दीपक पर उनके पिता हेमंत वर्मा का करीब 42 लाख रुपए बकाया था। इसी रकम को लेकर विवाद चल रहा था।
उन्होंने आरोप लगाया था कि सोशल मीडिया की तस्वीरों से फर्जी चैट तैयार कर उन्हें बदनाम किया गया।
होटल में कपड़े उतरवाकर पीटा, वीडियो वायरल
दीपक का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसे उसके होटल वेलकम श्री का बताया जा रहा है।
वीडियो में कुछ लोग कारोबारी की पिटाई करते और उसके कपड़े उतरवाते नजर आए। एक व्यक्ति बेल्ट से मारता दिख रहा है, जबकि दूसरा मोबाइल से घटना रिकॉर्ड कर रहा है।
वीडियो कुछ साल पुराना बताया जा रहा है और लेन-देन के विवाद से जुड़ा है। बकाया रकम को लेकर विवाद के बाद मारपीट की गई थी।
हालांकि, घटना की पूरी परिस्थितियों और इसमें शामिल लोगों के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख लेने का आरोप
सक्ती के कारोबारी किशन शर्मा ने आरोप लगाया है कि मार्च 2022 में दीपक ने शासन-प्रशासन में अपनी पहुंच बताकर कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का भरोसा दिया था।
इसके बदले 15 लाख रुपए लिए गए। गारंटी के तौर पर 4 लाख रुपए का चेक और एक ब्लैंक चेक दिया, लेकिन बाद में पता चला कि संबंधित बैंक खाता पहले ही बंद हो चुका था। इस मामले में 10 नवंबर 2026 को सक्ती थाने में FIR दर्ज की गई।
जमीन, रेस्टोरेंट और फॉर्च्यूनर के सौदे पर शिकायत
रायपुर के कारोबारी आशीष जायसवाल ने दीपक और उसकी पत्नी बरखा टंडन पर जमीन, एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट और फॉर्च्यूनर के नाम पर 56 लाख रुपए से ज्यादा लेने का आरोप लगाया है।
शिकायत के मुताबिक, 16,500 वर्गफीट जमीन का सौदा 1.16 करोड़ रुपए में तय हुआ था। इसके लिए 36 लाख रुपए से ज्यादा दिए गए, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन दीपक के नाम पर नहीं थी।
एक अन्य शिकायत में 2023 मॉडल फॉर्च्यूनर लीजेंडर देने के नाम पर 20 लाख रुपए लेने के बावजूद गाड़ी नहीं देने का आरोप है।
होटल की संपत्ति पर कब्जे, ताला तोड़ने और सरकारी सील हटाने को लेकर भी दंपती के खिलाफ शिकायत और FIR दर्ज होने की बात सामने आई है।
व्यापमं परीक्षा का प्रश्न पत्र दिलाने के नाम पर ठगे पैसे
दीपक के खिलाफ पुराने मामले भी सामने आए हैं। 2018 में रायपुर के जितेंद्र देवांगन ने आरोप लगाया था कि व्यापमं की राजस्व निरीक्षक परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने के नाम पर प्रति अभ्यर्थी 3 लाख रुपए मांगे गए।
रकम और दस्तावेज लेने के बाद प्रश्नपत्र नहीं दिया गया। यह शिकायत भी रायपुर के सिविल लाइन थाना में दर्ज है।
कोरबा-दीपका थाने में दर्ज है धोखाधड़ी का मामला
होटल कारोबारी दीपक टंडन के खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाने में भी धोखाधड़ी का केस दर्ज है। यहां SECL दीपका की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले कारोबारी महेंद्र सिंह ने साल 2015-16 के बीच 27 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार, कोल ट्रांसपोर्ट का बड़ा काम दिलाने के नाम पर किश्तों में रकम ली गई, लेकिन न तो काम मिला और न ही पैसे लौटाए गए।
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में पेश नहीं होने पर टंडन के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया जा चुका है।
दुर्ग के कांग्रेस नेता के बेटे से भी ठगी की चर्चा
दुर्ग जिले में एक कांग्रेस के बड़े नेता के बेटे के साथ भी ठगी की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस मामले में अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पीड़ित पक्ष के सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
अब जानिए कौन है कारोबारी दीपक टंडन
कारोबारी दीपक अंबेडकर टंडन का बचपन कोरबा की पुरानी बस्ती आदिल चौक के पास बीता है। उसने अपनी पढ़ाई भी कोरबा में ही की थी।
नया बस स्टैंड के पास सड़क किनारे उसकी फोटो फ्रेमिंग की दुकान थी, जहां वह अपने भाइयों के साथ काम करता था। दीपक टंडन की फोटो फ्रेमिंग की दुकान आज भी वहीं है।
उसके भतीजे डंडेश्वर टंडन के मुताबिक दीपक चार भाइयों में सबसे छोटा है। कोरबा में वह फोटो फ्रेमिंग का काम करता था। इसके साथ ही सतनामी समाज का कोषाध्यक्ष भी था।
दीपक की कोरबा में हुई थी पहली शादी
दीपक टंडन की पहली शादी 2011 में कोरबा में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। पहली पत्नी ने दीपक टंडन पर दहेज प्रताड़ना का आरोप भी लगाया था।
इस घटना के बाद, वह लगभग 17 साल पहले कोरबा छोड़कर रायपुर चला गया और फिर कभी वापस नहीं लौटा।

