सिडनी: ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में लगाए गए आरोपों पर शुक्रवार सुबह मीडिया के सामने आने का ऐलान किया है। कमिंस ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर बताया कि वे शुक्रवार सुबह क्रिकेट सेंट्रल में ट्रेनिंग करेंगे। इस दौरान न्यू साउथ वेल्स ब्लूज की शेफील्ड शील्ड मैच से पहले वे मीडिया से बात करेंगे। कमिंस ने कहा है कि सभी अपने सवालों के साथ वहां पहुंच सकते हैं और जवाब मिलने के बाद ब्लूज को सपोर्ट करें।
कमिंस ने एक्स पोस्ट पर लिखा, 'मैं कल सुबह क्रिकेट सेंट्रल में ट्रेनिंग कर रहा हूं। इस हफ्ते की घटनाओं पर किसी भी मीडिया से 9:30 बजे बात करने के लिए तैयार हूं। मैंने उज्जी के आरोपों की पूरी लिस्ट और गहराई को समझने के लिए कुछ समय लिया है, ताकि सही जवाब दे सकूं।'
ख्वाजा ने लगाए गंभीर आरोप
उस्मान ख्वाजा की किताब सब्र में 2018 के सैंडपेपर स्कैंडल को लेकर नए आरोप लगाए गए हैं। ख्वाजा का दावा है कि केप टाउन टेस्ट में बॉल टैम्परिंग का प्लान टीम के कई खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को पता था, जबकि सजा सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को मिली थी। कमिंस ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से अपील की है कि वे मीडिया को डिटेल्स भेज दें। उन्होंने मैच के बाद ब्लूज का समर्थन करने की भी अपील की है। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस शुक्रवार, 13 नवंबर को सिडनी के समय अनुसार सुबह 9:30 बजे क्रिकेट सेंट्रल पर होगी।
ख्वाजा ने दूसरे टेस्ट में भी फिक्सिंग की बात कही
उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में लिखा है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे में तीसरे टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम की फिक्सिंग पकड़ी गई थी। हालांकि, इसकी शुरुआत दूसरे टेस्ट में ही हो गई थी। ऑस्ट्रेलिया ने ब्रेक के बाद सैंडपेपर से गेंद को खराब किया था। यह गेंद इतनी खराब था कि इसे ख्वाजा भी रिवर्स स्विंग करा सकते थे। इसी गेंद से ऑस्ट्रेलिया ने गुच्छे में 4 विकेट निकाले थे, लेकिन एबी डिविलियर्स ने शानदार शतकीय पारी खेली ऑस्ट्रेलिया के प्लान पर पानी फेर दिया था।
चेतावनी के बावजूद नहीं माने बेनक्रॉफ्ट
कैमरून बेनक्रॉफ्ट को टीम के एक खिलाड़ी ने चेतावनी भी दी थी। उन्होंने कहा था कि यह शेफील्ड शील्ड (ऑस्ट्रेलिया का घरेलू टूर्नामेंट) का मैच नहीं है, जहां कोई इतने करीब से नहीं देखेगा। इंटरनेशनल मैच को मैदान के चारो तरफ से कवर किया जाता है। ऐसे में वह कैमरे की पकड़ में आ जाएंगे। हालांकि, दूसरे टेस्ट में वह बच गए, लेकिन तीसरे मैच में पकड़े गए।

