भोपाल। शहर के शाहपुरा स्थित एक निजी कंपनी की तीन मंजिला इमारत से गिरकर युवक शिवराज सोलंकी (35) की मौत हो गई। हादसा बुधवार रात को हआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
शाहपुरा थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि शिवराज बिल्डिंग में देखरेख का काम करता था। निजी कंपनी द्वारा पानी एवं मिट्टी की जांच करने का काम किया जाता है। कंपनी का कार्यालय तीन मंजिला भवन में मौजूद है। शिवराज अपनी पत्नी एवं बच्चे के साथ लंबे समय से यहां रह रहा था। उसका कोई रिश्तेदार आया था, उसके साथ वह पार्टी कर रहा था। इसी दौरान वह छत पर चला गया। टहलते हुए उसका नियंत्रण बिगड़ने से वह नीचे गिर गया। स्वजन उसे लहूलुहान अवस्था में जेपी अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
तुलसी को जल अर्पित करते वक्त छत से गिरी शिक्षिका, मौत
उधर, टीला जमालपुरा इलाके में बुधवार सुबह तुलसी को जल चढ़ाते समय पैर फिसलने से नीचे गिरी शिक्षिका की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। टीला जमालपुरा पुलिस के मुताबिक सूबेदार कालोनी निवासी 27 वर्षीय कीर्ति प्रजापति सुबह करीब 7 बजे पहली मंजिल पर तुलसी को जल चढ़ा रहीं थी। जल चढ़ाते समय उनका पैर फिसल गया जिससे वह नीचे आकर गिरी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।











