मिसरोद के कवर्ड कैंपस में तेज रफ्तार SUV का तांडव; एक के बाद एक 8 कारों को रौंदा, गेट तोड़कर फरार
Updated on
09 Sep 2026, 09:01 PM
भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र की फार्च्यून सोम्या हेरिटेज कॉलोनी में मंगलवार रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार एसयूवी चालक ने जमकर उत्पात मचाया। एसयूवी ने एक के बाद एक करीब 8 वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।इसके बाद रहवासियों ने कॉलोनी का गेट बंद किया तो चालक गेट को भी तोड़ते हुए वाहन लेकर फरार हो गया। गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।कॉलोनी में पहले से है आना-जाना
रहवासी कमल सिंह की शिकायत पर मिसरोद पुलिस ने केस दर्ज किया है। मिसरोद पुलिस के अनुसार एसयूवी चालक कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त से मिलने आया था और पहले भी यहां आता-जाता रहा है। कॉलोनी में पहुंचते ही उसने पार्किंग में खड़ी एक कार को टक्कर मार दी।
कार मालिक ने विरोध किया तो चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी तेज गति से दौड़ा दी। इसके बाद सड़क किनारे खड़ी अन्य कारों को भी टक्कर मारता चला गया।
रोकने की कोशिश हुई नाकाम
कार के इस तांडव से रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने उसे रोकना चाहा तो वह तेज रफ्तार में कई वाहनों को चपेट में लेते हुए आगे बढ़ा, जिससे कई कारों को टक्कर लगी। वहीं जब चालक को रोकने के लिए कॉलोनी का गेट बंद कर दिया तो उसने तेज रफ्तार में गेट को टक्कर मारकर तोड़ दिया और फरार हो गया।
घटना की सूचना पर मिसरोद पुलिस मौके पर पहुंची। कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। पुलिस एसयूवी के नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर उसके पते तक पहुंच गई है। हालांकि अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।