15 सितंबर से पहले आ सकती है 40वीं किस्त
सरकार सामान्य तौर पर हर महीने की 10 से 15 तारीख के बीच लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करती है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि इस बार भी 15 सितंबर से पहले 40वीं किस्त की राशि महिलाओं के बैंक खातों में पहुंच सकती है।
इससे पहले रक्षाबंधन से पहले 19 अगस्त को सरकार ने योजना की 39वीं किस्त जारी की थी। इस दौरान महिलाओं के खातों में 1500 रुपये की नियमित किस्त के साथ 250 रुपये गिफ्ट के रूप में भी ट्रांसफर किए गए थे।
किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?
लाड़ली बहना योजना का लाभ मध्य प्रदेश की स्थानीय निवासी विवाहित महिलाओं को मिलता है। इसमें विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं। आवेदन के कैलेंडर वर्ष में 1 जनवरी की स्थिति में महिला की उम्र 21 वर्ष पूरी होनी चाहिए और वह 60 वर्ष से कम आयु की होनी चाहिए।
किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ?
जिस महिला या उसके परिवार की स्वघोषित वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक है, वह पात्र नहीं होगी। परिवार में कोई आयकरदाता होने पर भी लाभ नहीं मिलेगा। इसी तरह सरकारी विभाग, उपक्रम, मंडल या स्थानीय निकाय में नियमित, स्थाईकर्मी या संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत सदस्य वाले परिवार भी अपात्र होंगे। सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन पाने वाले परिवार भी योजना के दायरे से बाहर हैं।
इसके अलावा, जो महिला किसी अन्य सरकारी योजना से प्रतिमाह 1250 रुपये या उससे अधिक प्राप्त कर रही है, वह पात्र नहीं होगी। वर्तमान या भूतपूर्व सांसद/विधायक के परिवार, चयनित या मनोनीत बोर्ड, निगम, मंडल या उपक्रम के अध्यक्ष, संचालक अथवा सदस्य के परिवार भी अपात्र हैं।
स्थानीय निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों (पंच और उपसरपंच को छोड़कर) के परिवार, 5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि वाले परिवार और ट्रैक्टर को छोड़कर चार पहिया वाहन रखने वाले परिवार भी योजना का लाभ नहीं ले सकते।
