मुख्य कार्यपालन अधिकारी जबलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड चंद्र प्रताप गोहल के मुख्य आतिथ्य में हुए योगाभ्यास के इस कार्यक्रम में आकाश तत्व पर आधारित योग क्रियाओं का अभ्यास दो सौ से अधिक प्रतिभागियों ने योगाचार्य अनुभा जैन के मार्गदर्शन में किया। अपने हैरतअंगेज करतबाें से योगाभ्यासियों ने आम जन को अधिक से अधिक संख्या में याेग दिवस के आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। इसके माध्यम से लोगों को इसकी जानकारी भी दी गई कि योग जीवन में कितना सहायक सिद्ध हो सकता है।
राष्ट्रीय कार्यक्रम में सहभागी बनने शहर के सभी उद्यानों, खुले स्थान, स्कूल-कालेज के मैदानों, सार्वजनिक स्थलों और बड़े हाल में नागरिक, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों एवं योग संस्थाओं से जुड़े सदस्य रोज सुबह योगाभ्यास कर रहे हैं। इन स्थानों पर राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा और राष्ट्रीय कार्यक्रम से मिले सन्देश पर एक साथ योग अभ्यास होगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गैरिसन ग्राउंड के मुख्य कार्यक्रम तथा शहर और जिले में चिन्हित स्थानों के अलावा ऐतिहासिक स्थानों, पर्यटन स्थलों पर भी योग के कार्यक्रम होंगे।
योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम को लेकर नागरिकों में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दे रहा है। शहर में खुले स्थानों, मैदानों और उद्यानों में प्रतिदिन प्रत्येक समाज और हर आयु के लोग योगाभ्यास कर रहे हैं। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने और संस्कारधानी का नाम रोशन करने लोगों में बेताबी बढ़ती जा रही है।
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के मुख्य आतिथ्य में गैरिसन ग्राउंड में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे इस । राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय मंत्री सर्वानन्द सोनोवाल भी शामिल होंगे। योग दिवस पर यह कार्यक्रम सुबह 6 बजे से गैरिसन ग्राउंड सदर में होगा। इसके अलावा शहर में पचास से अधिक स्थानों पर और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर तक योग दिवस पर योग के कार्यक्रम होंगे।
नवमें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘वसुधेव कुटुम्बकम के लिये योग’ की थीम तय की गई है। शहर में आयोजित योग दिवस के कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों की सहभागिता अर्जित करने कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन की अगुवाई में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। देश भर में नई मिसाल कायम करने शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं, सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं एवं योग से जुड़ी संस्थाओं सहित समाज के सभी वर्गों का सहयोग जिला प्रशासन को मिल रहा है। राष्ट्रीय कार्यक्रम में करीब पंद्रह हजार योगाभ्यासी शामिल होंगे और भारत सरकार के कामन योगा प्रोटोकाल पर एक साथ योग करेंगे।
योग क्रियाओं के प्रदर्शन के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग द्वारा ईट राइट और कोदो, कुटकी, रागी, कांगनी, सांवा जैसे श्री अन्न (मिलेट्स) को दैनिक आहार में शामिल करने के लिए जन-जागरूकता पैदा करने के लिए रैली का आयोजन भी किया गया। शारदा चौक और मदन महल क्षेत्र में निकाली गई इस रैली में नारों एवं पोस्टर पर लिखे सन्देश के माध्यम से दैनिक आहार में श्री अन्न को शामिल करने से होने वाले फायदों की जानकारी लोगों को दी गई।
वातावरण निर्माण की गतिविधियों के तहत आकाश तत्व पर आधारित योग क्रियाओं के अभ्यास में स्मार्ट सिटी के कंपनी सचिव कैलाश भाटी, ईको टूरिज्म एक्सपर्ट केएल कांवरे, प्रशासनिक अधिकारी रवि राव, अर्बन प्लानर अर्पित नेमा, कार्यपालन यंत्री कविश मिश्रा, महेंद्र त्रिपाठी, अनिकेत गौरिया, दिग्दर्श सिंह, जीआई एक्सपर्ट बालेंद्र शुक्ला, डाटा मैनेजमेंट आफिसर अंकुर खरे, मैनेजर ई गवर्नेस गजेंद्र सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, संजय गुप्ता, माधुरी मिश्रा, विनोद धुर्वे एवं सारिका दीक्षित और इंडियन बैंक एवं दुग्ध संघ के अधिकारी भी उपस्थित थे।