भोपाल/बीना। प्रदेश के सागर जिले में स्थित मंडी बामौरा कस्बे के स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के लिए पहुंची एक महिला ने चार पैर वाली बच्ची को जन्म दिया है। इस बच्ची को देखकर डाक्टर भी हैरान रह गए। जन्मजात विकृति के चलते बच्चे को एम्स भोपाल रैफर किया गया है। यहां नवजात बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण करने के बाद उसकी सर्जरी की जाएगी।
महिला की चौथी संतान है बच्ची
मंडी बामौरा स्वास्थ्य केंद्र के डा राजेश प्रजापति ने बताया कि विदिशा के कुरवाई तहसील में स्थित ग्राम जोनाखेड़ी निवासी फूलसिंह प्रजापति की 25 वर्षीय पत्नी धनुषबाई ने चौथी बच्ची को जन्म दिया है। इसके चार पैर हैं और बच्ची के शरीर में शौच का रास्ता भी नहीं है। जन्म के समय बच्ची का वजन साढ़े तीन किलो से अधिक था। जन्मजात विकृति देख बच्ची को विदिशा जिला अस्पताल रैफर किया गया, जहां से उसे भोपाल एम्स भेजा गया है।











