मंडीदीप में रेलवे अंडरब्रिज में भरा पानी, पैदल पटरी पार करने को मजबूर रहवासी

मंडीदीप में रेलवे अंडरब्रिज में भरा पानी, पैदल पटरी पार करने को मजबूर रहवासी
भोपाल। भोपाल से सटी औद्योगिक नगरी मंडीदीप में रेलवे ने नागरिकों की सुविधा के लिए अंडरब्रिज बनाकर वार्ड एक से वार्ड 24 को कनेक्टिविटी दी है, लेकिन रेलवे और नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह सुविधा रहवासियों के लिए मुसीबत बन गई है। इसका कारण अंडरब्रिज से पानी निकासी की व्यवस्था न होना है। जरा-सी बारिश होते ही अंडरब्रिज पानी से लबालब हो जाता है।

मानसून की शुरूआत से ही अंडरब्रिज में पानी भरा हुआ है। 20 दिन पहले नगर पालिका अध्यक्ष ने मोटर से पानी खाली कराया। दूसरे दिन वर्षा होने से अंडरपास फिर से भर गया। अब यह यह रास्ता बंद है। पानी निकलवाने की सुध अब तक रेलवे अधिकारियों ने भी नहीं ली। इस मामले में स्थानीय प्रशासन भी उदासीन है।

यह रास्ता बंद होने से सबसे अधिक परेशानी इन्हीं दोनों वार्डों के रहवासियों को उठानी पड़ रही है। यहां दो-ढाई फीट तक पानी भरा हुआ है, जिससे दो पहिया वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों का रास्ता बंद हो गया है। इसके चलते अब उन्हें रेलवे लाइन पार कर जाना पड़ रहा है या फिर लगभग एक किलोमीटर का चक्कर लगाकर ओवरब्रिज से आने-जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों को भी रेलवे लाइन पार करना पड़ रहा है, जिससे उनके साथ कभी भी अनहोनी होने का डर बना रहता है।

पानी निकासी के प्रबंध नहीं किए

रेलवे ने अंडरपास का निर्माण कराते समय निकासी प्रबंध नहीं किए। वार्ड पार्षद पुष्पा प्रेमशंकर साहू का कहना है कि इस परेशानी को दूर करने के लिए नपा प्रयास कर रही है। रेलवे के पीआरओ सूबेदार सिंह का कहना है कि ब्रिज से पानी निकालने की व्यवस्था की जा रही है।

Advertisement