भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्कृतिक, सामाजिक, कलात्मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। बुधवार 12 जुलाई को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियां आयोजित हो रही हैं, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।
हैप्पीनेस शिविर - द आर्ट आफ लिविंग संस्था ने समाज के सभी वर्गों को जीवन जीने की कला सिखाने की जिम्मेदारी ली है। इसके तहत भोपाल में कई आयोजन के जरिए लोगों को योग से जोड़ा जा रहा है। इस कड़ी में आज से 'हैप्पीनेस प्राोग्राम' के तहत शाहपुरा के गौरव ग्रीन गार्डन में शिविर का आयोजन हो रहा है। इसमें सुबह छह से नौ बजे तक योग की कक्षाएं हो रही हैं। यह शिविर 16 जुलाई तक चलेगा।
चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में भील समुदाय की चित्रकार संगीता ताहेड़ के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 39वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी 30 जुलाई तक निरंतर रहेगी। आप इस चित्र प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देख सकते हैं।
माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत जुलाई के प्रादर्श के रूप में बैगा चक, डिंडोरी, मध्य प्रदेश के बैगा जनजाति समुदाय से संकलित पारंपरिक ‘ मांदर - एक पारंपरिक वाद्य यंत्र को दर्शकों के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। मानव संग्रहालय में आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।
हिंडोला उत्सव - पुराने शहर के चौक बाजार लखेरापुरा में स्थित श्रीजी मंदिर में सावन मास में हिंडोला उत्सव मनाया जा रहा है। समय - शाम छह बजे।











