भोपाल। रातीबड़ के केरवा रिसोर्ट के पास 11 वीं छात्रा के साथ उसके कथित अंकल ने मां के सामने ही छेड़खानी कर दी। घटना बुधवार की है। आरोपित अंकल मां और बेटी से उनकी कार में लिफ्ट लेकर सवार हुआ था। बाद में वह उनको खाना खिलाने के बहाने गोविंदपुरा से घटनास्थल की तरफ लेकर गया था। पुलिस ने शिकायत के बाद एफआइआर दर्ज कर ली है।
रातीबड़ पुलिस के मुताबिक 16 वर्षीय किशोरी गोविंदपुरा में रहती है और भेल टाउनशिप के एक जाने-माने स्कूल में 11वीं कक्षा की छात्रा है। वह बुधवार को स्कूल की पीटीएम (पैरेंट्स-टीचर मीट) में अपनी मां के साथ गई थी, जहां से वापस आते समय रास्ते में छात्रा की मां परिचित निलय सिंह मिला। उसने कार में लिफ्ट मांगी और बाद में जबरन खुद कार चलाने लगा।
भूख लगने का नाटक कर मां-बेटी को दूसरे रास्ते पर ले गया
रास्ते में उसने भूख लगने का नाटक किया और दोनों को केरवा रिसोर्ट की ओर लेकर गया। वहां उसने छात्रा से उसने उसके रंग-रूप को लेकर अपशब्द कह दिए और बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। इस दौरान पीड़िता की मां ने आरोपित को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकत से बाज नहीं आ रहा था। छात्रा के शोर मचाने पर आरोपित वहां से भाग गया। इसके बाद छात्रा ने मां के साथ थाने पहुंचकर आरोपित के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी। एसआइ सलोनी सिंह ने बताया कि आरोपित पर एफआइआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।











