महाकाल दर्शन के लिए आई उत्तर प्रदेश व ओडिशा की दो महिलाएं परिजनों से बिछड़ीं, पुलिस ने मिलवाया

महाकाल दर्शन के लिए आई उत्तर प्रदेश व ओडिशा की दो महिलाएं परिजनों से बिछड़ीं, पुलिस ने मिलवाया
उज्जैन । महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आई उत्तर प्रदेश व ओडिशा की दो महिलाएं अपने-अपने स्वजन से बिछुड गई। दोनों महिलाओं के पास स्वजन के मोबाइल नंबर भी नहीं थे। इस पर पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर उन्हें स्वजन से मिलवाया।

हरसिद्धि पाल पर ड्यूटी कर रहे घट्टिया थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान, कोतवाली थाने के एएसआइ चंद्रभान के पास उत्तर प्रदेश के शिवपुर पड़रही रूदलपुर निवासी महिला कैलाशी देवी पहुंची थी। वह अपने स्वजन से बिछुड गई थी और कहां ठहरी इसका पता भी नहीं था। वहीं उसके पास स्वजन के मोबाइल नंबर भी नहीं थे।

महिला पुलिसकर्मियों की भाषा भी नहीं समझ पा रही थी। इस पर पुलिसकर्मियों ने काफी देर मशक्कत के बाद उसका पता तलाश किया तथा फिर शिवपुर पुलिस कंट्रोल रूम से रूदलपुर थाने का नंबर लेकर वहां से संबंधित महिला के स्वजन के मोबाइल नंबर लिए और फिर उन्हें फोन कर महिला को स्वजन से मिलवाया।

इसी प्रकार जिला संबलपुर उड़ीसा निवासी 60 वर्षीय महिला शनिवार रात को स्वजन से बिछुड गई थी। उसके पास भी स्वजन का मोबाइल नंबर नहीं था। इसके अलावा वह किस लाज में रूकी इसकी भी जानकारी नहीं थी। जिस पर एएसआइ चंद्रभानसिंह उसे लेकर 25 से ज्यादा लाजों में गए थे।

आखिरकार महिला को उसके स्वजन मिल गए। पुलिस ने महिला को उसके सुरेश एवं जयप्रकाश के सुपुर्द कर दिया। इस दौरान प्रधान आरक्षक रविंद्र सिंह, आरक्षक अरुण चौहान, महेंद्र यादव की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement