भोपाल से हिमाचल के लिए माल लेकर निकला ट्रक नोएडा से गायब

भोपाल से हिमाचल के लिए माल लेकर निकला ट्रक नोएडा से गायब
भोपाल । देश की महारत्न कंपनियों में शुमार भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के कारखाने से निकले लाखों रुपये के कापर वायर और स्क्रैप सामग्री ट्रक में भरकर हिमाचल प्रदेश भेजने का ठेका लेने वाले निजी ट्रक मालिक ने ठेकेदार को चकमा दे दिया। हिमाचल प्रदेश जाने के नाम पर लाखों का माल लेकर वह रवाना हुआ, लेकिन तय जगह पर नहीं पहुंचा। ट्रक मालिक राजू चौहान, उसका साला रवि, सहयोगी रोहन एवं नदीम जालम नामक आरोपितों ने ट्रक नोएडा के पास ले जाकर खड़ा कर दिया। इसके बाद आरोपितों ने ठेकेदार उमेश वासनिक को फोन कर बताया कि जीएसटी विभाग का छापा पड़ा है और पूरा माल जब्त कर लिया गया है। उमेश वासनिक अब आरोपितों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उनके मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं।

12 फरवरी को भेजा था माल

परेशान होने के बाद ठेकेदार उमेश वासनिक ने गोविंदपुरा थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस को दी जानकारी में ठेकेदार ने बताया कि भेल प्रबंधन से उन्होंने लाखों रुपय का कापर वायर और स्क्रैप मैटेरियल खरीदा था। इसे हिमाचल प्रदेश स्थित अपनी फैक्ट्री में भेजने के लिए ट्रक मालिक राजू चौहान और उसके साथियों से संपर्क किया था। 12 फरवरी को माल लेकर आरोपित रवाना हुए, लेकिन माल गायब हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Advertisement