बिहार के विधायक सुजीत पासवान कौन हैं, जिन्हें रूस के चुनाव में बनाया गया पर्यवेक्षक

बिहार के विधायक सुजीत पासवान कौन हैं, जिन्हें रूस के चुनाव में बनाया गया पर्यवेक्षक
पटना: बिहार की राजनीति और मिथिलांचल के लिए एक बड़ा गौरवपूर्ण अवसर सामने आया है। मधुबनी जिले की राजनगर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत पासवान को रूसी संघ में होने जा रहे संसदीय चुनाव (स्टेट डूमा) में अंतर्राष्ट्रीय सार्वजनिक चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर आमंत्रित किया गया है। 18 से 20 सितंबर को आयोजित होने वाले इस चुनाव में सुजीत पासवान दुनिया के कई देशों से आए विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पूरी चुनावी प्रक्रिया के सार्वजनिक पर्यवेक्षण और अवलोकन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाएंगे।


रूसी संघ का आधिकारिक आमंत्रण

सिविक चेंबर ऑफ द रशियन फेडरेशन की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से सुजीत पासवान को आमंत्रित किया गया है। वे चुनाव के दौरान अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर चुनावी पारदर्शिता और अवलोकन प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। राजनगर के विधायक और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत पासवान को रूसी संघ (रसियन फेडरेशन) में होने वाले संसदीय चुनाव में अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया है। रूस में 18 से 20 सितंबर के बीच होने वाले स्टेट डूमा (संसद) का चुनाव आयोजित किया गया है।

रूसी चुनाव पर्यवेक्षण से जुड़ी बड़ी बातें

  • रूस में 18 से 20 सितंबर के बीच स्टेट डूमा (संसद) के लिए चुनाव प्रक्रिया आयोजित हो रही।
  • अंतर्राष्ट्रीय पर्यवेक्षण दल में दुनिया भर के चुनिंदा जनप्रतिनिधियों, कानूनविदों और विशेषज्ञों को शामिल किया गया है।
  • सुजीत पासवान मॉस्को स्थित सिचुएशनल सेंटर में अन्य विदेशी प्रतिनिधियों के साथ वोटिंग और प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेंगे।
  • वैश्विक स्तर पर भारत के मजबूत लोकतांत्रिक अनुभवों को साझा करने का ये एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।

'पूरे बिहार और मिथिला का सम्मान'

इस आमंत्रण पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए विधायक सुजीत पासवान ने कहा कि यह आमंत्रण केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि बिहार और मिथिलांचल के प्रत्येक नागरिक का सम्मान है। एक सामान्य कार्यकर्ता को यह अवसर मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इसके लिए उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। सुजीत पासवान ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 'आप सभी को ये बताते हुए गौरवान्वित एवं हर्षित हूं कि मुझे रूसी संघ (रूस) में आयोजित संसदीय चुनाव में अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया हैइस सम्मान मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी, नितिन नवीन और संजय सरावगी जी को धन्यवाद।'
Advertisement