बैरागढ़ में ट्रैफिक व्‍यवस्‍था बदहाल, सिग्नल सुधार के बावजूद बस चालक ही नहीं कर रहे पालन

बैरागढ़ में ट्रैफिक व्‍यवस्‍था बदहाल, सिग्नल सुधार के बावजूद बस चालक ही नहीं कर रहे पालन
भोपाल। बैरागढ़ की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए लगाए गए सिग्नल लंबे समय से खराब थे। अब इन्हें सुधारा जा रहा है, लेकिन सुधार होने के बाद भी लो फ्लोर बस चालक ही इसका पालन नहीं कर रहे हैं, इससे ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है।

सिग्नल सिस्टम का पालन नहीं होने के कारण ही मेन रोड पर दुर्घटनाएं होने का भय बना रहता है। संत हिरदारामजी की कुटिया से सीहोर नाके तक का क्षेत्र धीरे-धीरे एक्सीडेंट जोन बनता जा रहा है। नगर निगम ने यहां ट्रेफिक सिग्नल लगाए, लेकिन पहले दिन से इसका पालन नहीं हुआ। डेडिकेटेड लेन से लाल बसें तेज गति से गुजरती हैं, मिक्स लेन और चंचल चौराहे से मेन रोड की तरफ वाले वाहन चालकों पर हमेशा दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में स्मार्ट सिटी विंग ने चंचल रोड पर आरेंज सिग्नल लगाए हैं, ताकि चारों तरफ से आने वाले वाहन गति को कम कर दें। आम वाहन चालक सिग्नल देखकर ब्रेक लगा देते हैं, पर बस चालक ऐसा नहीं कर रहे हैं।

अवैध स्टापेज से व्यवस्था बिगड़ी

स्टेशन रोड तिराहे पर अवैध स्टापेज बनाकर खड़े रहने वाले मैजिक वाहनों ने भी मेन रोड की यातायात व्यवस्था को बिगाड़ दिया है। स्टेशन से आ रहे वाहन चालकों को रोड क्रास करने में बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारिक संगठन लंबे समय से अवैध स्टापेज हटाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन पुलिस ने कभी कड़ी कार्रवाई नहीं की। मैजिक वाहन सवारी दिखने पर कहीं भी ब्रेक लगा देते हैं। कपड़ा संघ के कार्यसमिति सदस्य दिलीप ज्ञानंचदानी का कहना है कि यातायात के नियम तोड़ने वाले मैजिक एवं बस चालकों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इनके कारण ही छोटे वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है।



Advertisement