बेटे को पुलिस से छुड़ाने के लिए मां ने SI के हाथ पर काटा, आरोपित मौका देख भागा, शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज

बेटे को पुलिस से छुड़ाने के लिए मां ने SI के हाथ पर काटा, आरोपित मौका देख भागा, शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज

उज्जैन। महिदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पेटलावद में वारंटी को गिरफ्तार करने के लिए एसआइ व पुलिस टीम को महिलाओं ने घेर लिया। एक महिला ने एसआइ के हाथ पर दांताें से काट लिया। इस दौरान वारंटी मौके से भाग निकला। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसके बाद पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि महिदपुर तहसील के गांव पेटलावद निवासी बनेसिंह पुत्र सेवाराम के खिलाफ कोर्ट ने एक मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट लेकर महिदपुर रोड थाने में पदस्थ एसआइ हेमंत सिंह जादौन और आरक्षक ईश्वरलाल पहुंचे थे। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर घर से बाहर निकल रही थी। उसी दौरान आरोपित बनेसिंह की मां कालीबाई, बहन टीना, रीना और भाई नरेंद्र सहित तीन-चार अन्य लोग पहुंच गए।

शासकीय कार्य में बाधा का मामला

बनेसिंह के स्वजन ने पुलिस से अभद्रता की और बनेसिंह को पुलिस से छुड़वाने का प्रयास किया। बनेसिंह की मां कालीबाई ने एसआइ हेमंतसिंह जादौन के हाथ पर काट भी लिया। मौका पाकर बनेसिंह गाड़ी में बैठकर फरार हो गया। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित का गांव में आतंक है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।



Advertisement