भोपाल। शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की ओर से पहली बार राजधानी भोपाल में राष्ट्रीय योग ओलिंपियाड का आयोजन किया जा रहा है। इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आनलाइन शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा एवं विदेश राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह, मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल उपस्थित होंगे। इसके अलावा एनसीईआरटी के निदेशक प्रो. दिनेश प्रसाद सकलानी शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन 18 जून को भोपाल स्थित रवींद्र भवन में प्रातः 10 बजे किया जाएगा।
इस ओलिंपियाड में शामिल होने के लिए दूसरे प्रदेशों से विद्यार्थियों का आना प्रारंभ हो गया है। इसमें करीब 1200 विद्यार्थी शामिल होंगे। राष्ट्रीय योग ओलिंपियाड कार्यक्रम का प्रारंभ 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से शुरू किया गया। योग ओलिंपियाड के माध्यम से राष्ट्रीय पाठ्यचर्या के आधारभूत चरण 2023 में वर्णित पंच कोश को व्यवहार में लाने का प्रयास किया जा रहा है। 18 से 20 जून तक क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय योग ओलिंपियाड के लिए देश के 26 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के साथ केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, भारतीय स्कूल प्रमाणपत्र परीक्षा परिषद, राष्ट्रीय आदिवासी विद्यार्थी शिक्षा समिति एवं बहुद्देशीय विद्यालय के योग विद्यार्थी शामिल होंगे। अब तक अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, बहुद्देशीय विद्यालय, भुवनेश्वर, ओडिशा आदि के योग विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ आ चुके हैं। इसमें प्रत्येक राज्य/केंद्र शासित प्रदेश से आठ विद्यार्थी प्रारंभिक स्तर एवं आठ विद्यार्थी हाई स्कूल स्तर के हैं, जिसमें से 50 प्रतिशत लड़कियां शामिल हैं।











