बैरागढ़ में गुलाब उद्यान का काम अंतिम चरण में, जल्‍द होगा संत हिरदारामजी की प्रतिमा का अनावरण

बैरागढ़ में गुलाब उद्यान का काम अंतिम चरण में, जल्‍द होगा संत हिरदारामजी की प्रतिमा का अनावरण
भोपाल । सीहोर नाका क्षेत्र में विकसित किए जा रहे गुलाब उद्यान का काम अंतिम चरण में है। यहां पर मानव सेवा के प्रतीक संत हिरदारामजी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है। इस प्रतिमा का अनावरण संतजी की जन्म जयंती 21 सितंबर को करने का प्रस्ताव है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने गुलाब उद्यान में चल रहे कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुए काम की प्रगति एवं बचे हुए काम के बारे में जानकारी ली। अवलोकन के दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम बंसल, मंडल अध्यक्ष कमल वीधानी, महेश खटवानी एवं कपड़ा संघ के पूर्व अध्यक्ष चंदूभाई इसरानी भी मौजूद थे। भाजपा नेता राजेश बेलानी ने विधायक से आग्रह किया था कि संतजी की जन्म जयंती तक उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाए।

उल्लेखनीय है कि बोरवन पार्क की तरह गुलाब उद्यान भी बड़ी झील के किनारे पर विकसित किया गया है। यहां हरियाली के बीच लोग सुबह एवं शाम के समय सैर करने आ सकेंगे। बोरवन पार्क में योग एवं पगड़ी रस्म सभागृह का काम लगभग पूरा हो गया है। जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। विधायक रामेश्वर शर्मा ने लोकार्पण से पहले इस पार्क का भी अवलोकन किया। यहां जन सुविधा केंद्र बनाने के निर्देश दिए हैं।

चार संजीवनी क्लीनिक भी खुलेंगे

ग्राम बूढ़ाखेड़ा, ग्राम बेहटा, नई बस्ती भैंसाखेड़ी एवं बैरागढ़ कला में संजीवनी क्लीनिक खोले जाएंगे। यहां नागरिकों का प्राथमिक उपचार हो सकेगा। विधायक ने इसके लिए भूमिपूजन की रस्म अदा की। क्लीनिक खुलने से नागरिकों को प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल जाएगी। गरीब तबके के नागरिकों को यहां दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। संजीवनी क्लीनिक में नर्सिग स्टाफ तैनात करने का प्रस्ताव है। यदि मरीज की हालत गंभीर होगी, तो उसे सिविल अस्पताल भेजा जाएगा।

Advertisement