भोपाल / जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में बुधवार, कल 29 जुलाई 2026 बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 9 बजे भगवान श्री गणेश के पूजन से होगा। इसके पश्चात मंदिर में विराजमान देवी-देवताओं एवं संत-महात्माओं का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा।
प्रातः 9:30 से 11 बजे तक संत श्री वेदव्यास जी एवं श्री धूनी वाले दादाजी (साईंखेड़ा-खंडवा वाले) का विशेष पूजन तथा दादाजी श्री गुरुदेव साईंखेड़ा वाले की समाधि स्थल पर विशेष अभिषेक, गुरु पूजन एवं आरती होगी। दोपहर 2 बजे से श्री विष्णु सहस्रनाम पाठ एवं आरती का आयोजन किया जाएगा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट एवं मंदिर व्यवस्था समिति भक्तों के सहयोग से दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु महाप्रसादी ग्रहण करेंगे।
ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव एवं ट्रस्टियों ने बताया कि गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण एवं कृतज्ञता प्रकट करने का पावन पर्व है। इस अवसर पर देश के विभिन्न शहरों से भक्तजन दादाजी धाम पहुंचकर गुरु पूजन एवं श्री विष्णु सहस्रनाम पाठ में सहभागी होंगे। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर दादाजी गुरुदेव का पूजन-अभिषेक, आरती एवं श्री विष्णु सहस्रनाम पाठ में सहभागी बनने तथा विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
