इंदौर। कुछ मिनट की वर्षा में ही जिला न्यायालय परिसर जलमग्न हो जाता है। वकीलों के लिए न्यायालय तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। जिला न्यायालय परिसर में जल निकासी की स्थाई व्यवस्था की जाना चाहिए ताकि पक्षकार और अधिवक्ताओं को परेशान न होना पड़े। यह मांग इंदौर अभिभाषक संघ ने प्रशासनिक न्यायमूर्ति को लिखे पत्र में कही है।
संघ के अध्यक्ष गोपाल कचोलिया ने बताया कि हाल ही में हुई कुछ देर की वर्षा में ही जिला न्यायालय परिसर में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई थी। इस वजह से सभी को परेशानियों का सामना करना पडा़। अभिभाषक संघ पिछले दो माह में कई बार जिला न्यायालय परिसर में जल निकासी के लिए बनवाई गईं नालियों की साफ-सफाई और वर्षा के पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था करवाने के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कह चुका है लेकिन कुछ नहीं हुआ। जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने कोई काम नहीं किया। नालियों की साफ-सफाई और जल-निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से चंद मिनट की वर्षा में ही परिसर में टाइपिंग शेड वाला हिस्सा जलमग्न हो गया। इससे वकीलों को परेशानियों का सामना करना पडा़।
वकीलों के शेड तक भरा जाता है पानी
कचोलिया ने बताया कि जिला न्यायालय में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई बार अत्याधिक वर्षो होने की स्थिति में वकीलों के शेड तक पानी भरा जाता है। ऐसी स्थिति में वकीलों के लिए न्यायालय तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। पीडब्ल्यूडी अगर जल निकासी की पर्याप्त और समुचित व्यवस्था कर दे तो जल निकासी हो सकेगी। जिला न्यायालय में जल जमाव की समस्या वर्षों पुरानी है। वकील वर्षों से व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं लेकिन कुछ नहीं हो रहा।











